प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल महिला प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित हरेला, सावन एवं कुमाऊँनी व्यंजन प्रतियोगिता ने बिखेरी उत्तराखंडी संस्कृति की रंगत
समाचार सच, हल्द्वानी। रिपोर्ट नीरू भल्ला। उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, परंपराओं और पहाड़ी खान-पान की खुशबू से सजा प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, महिला प्रकोष्ठ जिला नैनीताल का विशेष आयोजन आकर्षण का केंद्र रहा। हरेला पर्व को समर्पित इस भव्य कार्यक्रम में हरेला क्वीन, सावन/तीज क्वीन और कुमाऊँनी व्यंजन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें महिलाओं ने अपनी प्रतिभा, पारंपरिक वेशभूषा और कुमाऊँनी संस्कृति का शानदार प्रदर्शन कर खूब तालियां बटोरीं।
प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित होते ही कार्यक्रम में उत्साह और बढ़ गया। हरेला क्वीन का खिताब नीतू रौतेला ने अपने नाम किया, जबकि मनीषा जोशी ने द्वितीय और किरण गुप्ता ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं सावन/तीज क्वीन का ताज मेघा जोशी के सिर सजा, जबकि सोनी पलड़िया ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
कुमाऊँनी खान-पान की खुशबू ने भी कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों को लेकर आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपने हुनर का शानदार प्रदर्शन किया। कुमाऊँनी व्यंजन प्रतियोगिता में रेनु जोशी ने प्रथम स्थान, मीनाक्षी पांडे ने द्वितीय और नीतू रौतेला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अन्य प्रतिभागियों को भी सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक पहाड़ी परिधानों और आभूषणों के साथ मंच पर उत्तराखंड की लोक संस्कृति की खूबसूरत तस्वीर पेश की। हरेला और सावन के रंगों से सजे आयोजन में लोक परंपराओं, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नवीन वर्मा, दर्जा राज्य मंत्री उत्तराखंड सरकार एवं प्रदेश अध्यक्ष प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तराखंड रहे। विशिष्ट अतिथियों में महापौर गजराज सिंह बिष्ट, ललित जोशी, योगेश जोशी, कौस्तुभानंद जोशी, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष विपिन गुप्ता, मदन फर्त्याल, युवा जिलाध्यक्ष प्रदीप सब्बरवाल, इंद्र कुमार भटियानी, व्यापार मंडल अध्यक्ष योगेश शर्मा, उपेंद्र कनवाल और संदीप सक्सेना सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इसके अलावा लालकुआं से दीवान सिंह दानी, महामंत्री नंदन सिंह राणा, प्रदेश प्रभारी सुनील भारद्वाज, वरिष्ठ पत्रकार अरविंद मलिक, आलू फल आढ़ती एसोसिएशन अध्यक्ष कैलाश जोशी सहित बड़ी संख्या में अतिथियों और व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
ग्रामीण इकाई मुखानी-कुसुमखेड़ा के अध्यक्ष भास्कर त्रिपाठी, महामंत्री दीपक गुर्रानी और कोषाध्यक्ष दिनेश मठपाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी आयोजन में सहभागिता की।
आयोजकों ने कहा कि इस तरह के आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। हरेला पर्व केवल पेड़-पौधों और हरियाली का उत्सव नहीं, बल्कि उत्तराखंड की प्रकृति, लोकजीवन और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ा पर्व है। वहीं कुमाऊँनी व्यंजन प्रतियोगिता के माध्यम से पारंपरिक पहाड़ी खान-पान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रदेश मंत्री शांति जीना, जिला अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ कुसुम दिगारी, उर्वशी बोरा, विनीता शर्मा, ज्योति मेहता, रेनु टंडन, चंपा चिलवाल, मीना सेठ और प्रियंका शर्मा सहित महिला प्रकोष्ठ की पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री हर्ष वर्द्धन पांडे और करणवीर दिगारी ने किया। आयोजन के समापन पर सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार जताया गया।
प्रतियोगिता के विजेता एक नजर में
हरेला क्वीन
-नीतू रौतेला
-मनीषा जोशी
-किरण गुप्ता
सावन/तीज क्वीन
-मेघा जोशी
-सोनी पलड़िया
कुमाऊँनी व्यंजन प्रतियोगिता
-रेनु जोशी
-मीनाक्षी पांडे
-नीतू रौतेला

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



