समाचार सच, देहरादून। कोरोना से सुरक्षा के मद्देनजर दून के सबसे बड़े और व्यस्त बाजारों में शुमार आढ़त बाजार में वन-वे व्यवस्था लागू कर दी गई है। पुलिस ने यह कदम बाजार में दुकानदारों और खरीदारों के बीच शारीरिक दूरी का अनुपालन कराने के लिए उठाया है। वन-वे व्यवस्था का सख्ती से पालन कराने के लिए बाजार में कोतवाली पुलिस के अलावा पीएसी, आर्म्ड पुलिस और घुड़सवार पुलिस को भी उतारा गया है। वन-वे सुबह सात बजे से रात आठ बजे तक लागू रहेगा। अनलॉक शुरू होने के साथ ही दून के बाजारों में भीड़ बढ़ने लगी थी। इसके साथ ही खरीदारों और दुकानदारों के बीच शारीरिक दूरी का अनुपालन कराना पुलिस के लिए चुनौती भी बनने लगा था। अनलॉक का दूसरा चरण शुरू होने पर ढील का दायरा बढ़ा तो बाजारों में भीड़ बढ़ने के साथ लोग कोरोना को लेकर बेफिक्र भी नजर आने लगे। आलम यह हो गया कि शारीरिक दूरी का पालन करना तो दूर अधिकांश लोग मास्क से भी परहेज करने लगे। यह हाल तब है, जब पुलिस लगातार मास्क न पहनने पर लोगों का चालान कर रही है। आढ़त बाजार जैसी भीड़भाड़ वाली जगहों में शारीरिक दूरी का पालन न होने से भविष्य में भयावह स्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। इसी को देखते हुए डीआइजी अरुण मोहन जोशी के निर्देश पर सोमवार को एसपी सिटी श्वेता चौबे, सीओ सिटी शेखर चंद सुयाल और नगर कोतवाल शिशुपाल नेगी ने आढ़त बाजार में अभियान चलाया और वन-वे व्यवस्था लागू की। डीआइजी अरुण मोहन जोशी ने बताया कि इस समय जिले में कोरोना का संक्रमण रोकना सबसे बड़ी चुनौती है। अगर आढ़त बाजार में वन-वे करने के बाद भी हालात नहीं सुधरते हैं तो दुकानों को क्रमवार खोलने पर भी विचार किया जा सकता है। इसके तहत बाजार में एक दुकान छोड़कर तीसरी दुकान खोली जाएगी।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












