
समाचार सच, देहरादून। विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने भ्रष्टाचार, गन्ना किसानों के भुगतान, कृषि बिल में संशोधन, बेरोजगारी के मुद्दे पर सदन में हंगामा किया। विपक्ष ने नियम 310 के तहत विधानसभा अध्यक्ष से मांग की। विधानसभा अध्यक्ष ने विपक्ष की मांग को नियम 58 में स्वीकार किया। नियम 58 में किसानों की मांग पर चर्चा होगी।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने उत्तराखण्ड विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन की कार्रवाई में वर्चुअल प्रतिभाग किया। पटल पर रखे जाने वाले विधेयक मे विधेयक उत्तराखण्ड लोक सेवा, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गाे के लिए आरक्षण अधिनियम 2019। विधेयक उत्तर प्रदेश भू राजस्व अधिनियम 1901 में संशोधन। हेमवती नन्दन बहुगुणा चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय संशोधन अधिनियम 2020। विधेयक उत्तराखण्ड शहीद आश्रित अनुग्रह अनुदान विघयेक 2020। विधेयक उत्तराखण्ड अधीनस्थ चयन आयोग संशोधन विधेयक 2020 शामिल रहे। सदन में नेता प्रतिपक्ष डॉ इंदिरा हृदयेश के नेतृत्व में विपक्षी विधायकों ने बेरोजगारी व केंद्रीय कृषि कानून के विरोध में आंदोलनरत किसानों का मुद्दा भी उठाया। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। बेरोजगारी की बाट जोह रहे युवा श्रम विभाग में रजिस्ट्रेशन तो करा रहे हैं, लेकिन उन्हें रोजगार उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। जिसके चलते प्रदेश में पलायन तेजी से बढ़ रहा है। इस दिशा में सरकार को सकारात्मक कदम उठाने की जरूरत है। वहीं उन्होंने केंद्रीय कृषि कानून के विरोध में आंदोलन कर रहे किसानों का मुद्दा भी उठाया। कहा कि कृषि कानून में न्यूनतम समर्थन मूल्य का कोई कानून नहीं दिख रहा है। जिसके चलते किसान इन कानूनों का विरोध कर रहे हैं। इस दिशा में भी किसान हित में निर्णय लिये जाने की आवश्यकता है। इन मुद्दों को लेकर सदन में जमकर हंगामा भी हुआ। इस बीच शासकीय प्रवक्ता मदन कौशक ने बेरोजगारी पर सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने अवगत कराया की 2014 से 2017 के बीच अधीनस्थ आयोग ने 801 पदों पर चयन हुआ जबकि,2017 से 2020 में लगभग 6 हजार पदों पर चयन किया। अधीनस्थ आयोग में इस समय 7 हजार पदों की प्रक्रिया चल रही है। लोक सेवा आयोग में 1147 पदों के चयन की प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा अन्य अनेक विभागों में हजारों की संख्या में रोजगार देने के साथ कहा कि कुल लगभग विभिन्न तरीके से 7 लाख से अधिक लोगो को रोजगार दिया।
गन्ना किसानों के बकाया भुगतान की मांग को लेकर हंगामा
देहरादून। सत्र के दूसरे दिन गन्ना किसानों के बकाया भुगतान की मांग को लेकर विपक्ष के विधायकों ने गन्ना लेकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधायक काजी निजामुद्दीन, ममता राकेश, फुरकान अहमद, आदेश चौहान, मनोज रावत, हरीश धामी ने गन्ना लेकर विधानसभा में जाने का प्रयास किया, लेकिन मुख्य गेट पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान विधायकों और सुरक्षाकर्मियों के बीच नोकझोंक भी हुई।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


