गोलापार के अलग-अलग क्षेत्रों में शावकों के साथ बाघिन व तेंदुए की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत

खबर शेयर करें

समाचार सच, गोलापार/हल्द्वानी। जंगल से सटे महानगर के इलाकों में इन दिनों गुलदारो का आतंक है। जहां जंगल से सटे रानीबाग-काठगोदाम में नरभक्षी गुलदार ने आतंक मचाया हुआ है। वहीं अब गौलापार के एक क्षेत्र में शावकों के साथ बाघिन दिखी है तो दूसरे क्षेत्र में तेंदुए की दस्तक देखी गई है। इससे ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। वन विभाग की जांच में भी बाघिन व शावकों में पैरों के निशान पाए गए हैं। ग्रामीणों ने विभाग से सुरक्षा के प्रबंध करने गुहार लगाई है। नगर व आस-पास के क्षेत्रों में नरभक्षी गुलदार की दस्तक बनी हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग शाम ढ़लते ही घरों में कैद हो जा रहे हैं। इस दहशत के बीच अब गोलापार के अलग-अलग गांवों में शावकों के साथ बाघिन व तेंदुए की दस्तक ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है। बताया जाता है कि सुंदरपुर रैक्वाल पंचायत के प्रतापपुर गांव में बीती शाम एक बाघिन की दस्तक देखी गई। इस बाघिन के साथ दो शावक भी दिखे। इसकी सूचना पर मंगलवार को वन विभाग की टीम गांव में पहुंची। विभागीय टीम को खेतों में बाघिन व शावकों के पंजों के निशान मिले हैं।
प्रधान पति नीरज रैक्वाल के अनुसार दो दिन पूर्व भी गांव के एक पालतू कुत्ते को बाघ ने अपना शिकार बनाया था। जबकि बीती शाम खेतों में काम कर रही महिलाओं ने बाघिन को शावकों के साथ देखने के साथ ही दहाड़ भी सुनी थी। विभागीय अधिकारी अनुमान लगा रहे हैं कि संभवतया बाघिन बाघ से शावकों को बचाने के लिए इस क्षेत्र में आ गई होगी। इधर गौलापार के ही सैला भाबर गांव में बीती शाम तेंदुए की दस्तक दिखी है। गांव में रहने वाले प्रदीप बर्गली ने बताया कि क्षेत्र में शाम ढ़लते ही अक्सर तेंदुए की दस्तक देखी जा रही है। तेेंदुए को एक ग्रामीण ने अपने मोबाइल के कैमरे में कैद भी किया है। लेकिन अंधेरा होने के चलते तेंदुआ स्पष्ट रूप से कैमरे में कैद नहीं किया जा सका है। इसकी सूचना वन विभाग को दी गई तो मौका मुआयना किया। विभागीय टीम रोज शाम को क्षेत्र में गश्त कर रही है। इधर शावकों के साथ बाघिन व तेंदुए की दस्तक ने ग्रामीणों में और अधिक दहशत पैदा कर दी है। वन विभाग ने ग्रामीणों को ऐहतियातन घरों में ही रहने की सलाह दी है।

रानीबाग में गोली लगे गुलदार का कोई सुराग नहीं
विभाग भले ही रानीबाग क्षेत्र में बीती शाम एक गुलदार को शिकारी की गोली लगने का दावा कर रहा हो, लेकिन मंगलवार शाम तक गुलदार का कोई भी सुराग विभाग नहीं लगा पाया है। क्षेत्र में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ रहा है। दो महिलाओं को निवाला बनाने के साथ ही गुलदार एक युवक पर हमला कर घायल भी कर चुका है। इस बीच सोमवार देर शाम वन विभाग ने दावा किया था कि गुलदार शिकारी की गोली का निशाना बन चुका है। गोली लगने के बाद गुलदार अंधेरे में जंगल में कहीं गुम हो गया है। हालांकि विभाग की ओर से गुलदार का मौके से खून भी मिलने का दावा किया गया हो, लेकिन गुलदार का कुछ अता-पता नहीं चल पाया है। हालांकि गुलदार की तलाश में मंगलवार की प्रातः भोर होने के साथ ही विभाग ने जंगल की खाक छाननी शुरू कर दी। इस बीच सुबह सोनकोट में क्षेत्र में गुलदार के दिखने की सूचना मिलने पर शिकारी को मौके पर बुला लिया गया। लेकिन जांच पड़ताल में यह अफवाह निकली। विभाग गुलदार का जल्द पता लगाने की बात कह रहा है।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें -   सुबह मजदूरी पर निकला पवन शाम को नहीं लौटा… स्टोन क्रशर में रेत बनी मौत, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440