समाचार सच, रुद्रपुर डेस्क। ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर में फायरिंग और वाहनों में तोड़फोड़ की घटना के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक .32 बोर की पिस्टल, दो .315 बोर के तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है।
मामला ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के शिव एन्क्लेव का है, जहां 24 सितंबर की रात कुछ युवकों ने कथित तौर पर हवाई फायरिंग की और तलवार से वहां खड़े वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान टीम को सूचना मिली कि घटना में शामिल तीन युवक किच्छा रोड पर एफसीआई गोदाम के सामने एक खाली चाय के खोखे के पास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नंदू पुत्र सालिक राम, निवासी नई बस्ती खानपुर, बिलासपुर, रामपुर, सोहेल पुत्र मोहम्मद उमर, निवासी सिरौली कला, किच्छा और हाल निवासी आजादनगर, ट्रांजिट कैंप तथा एक 18 वर्षीय युवक के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान पुलिस के अनुसार नंदू के पास से .32 बोर की पिस्टल और दो जिंदा कारतूस मिले। वहीं सोहेल और 18 वर्षीय आरोपी के कब्जे से .315 बोर के एक-एक तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पूछताछ में पुलिस को घटना के पीछे एक कार को लेकर विवाद की जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, आरोपियों का साथी साजेब उर्फ अरमान शिव एन्क्लेव में अपने परिचित से मिलने गया था। स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी होने के बाद वह वहां से चला गया, जबकि उसकी कार कॉलोनी में रह गई थी। इसके बाद आरोपी कार लेने के लिए वहां पहुंचे थे।
पुलिस का कहना है कि कार के टायरों के नट खुले होने के कारण आरोपी उसे वहां से नहीं ले जा सके। इसके बाद कथित तौर पर उन्होंने गुस्से में दो वाहनों में तलवार से तोड़फोड़ की और हवाई फायरिंग करते हुए मौके से भाग निकले।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार तीनों आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस रिकॉर्ड में नंदू के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज बताए गए हैं, जबकि सोहेल और 18 वर्षीय आरोपी के खिलाफ भी वर्ष 2026 में बीएनएस और शस्त्र अधिनियम से संबंधित मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



