समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क। लामाचौड़ स्थित आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल में पब्लिक स्कूल एसोसिएशन (पीएसए) के तत्वावधान में अंतरविद्यालयी अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों की टीमें अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
उद्घाटन अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक ट्रस्टी भुवन चंद्र उपाध्याय, प्रधानाचार्य सहित विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों का स्वागत किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला निर्मला कॉन्वेंट स्कूल और शेमफोर्ड स्कूल के बीच खेला गया। टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए शेमफोर्ड स्कूल की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 63 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी निर्मला कॉन्वेंट स्कूल की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 7.2 ओवर में एक विकेट खोकर 67 रन बना लिए और मुकाबला 9 विकेट से अपने नाम कर लिया।
निर्मला कॉन्वेंट स्कूल की जीत में तेजस बिष्ट ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने महज 20 गेंदों में नाबाद 38 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं जयवर्धन गुरुरानी ने भी नाबाद 20 रन बनाकर टीम की जीत में योगदान दिया।
मैच के दौरान मोहित बिष्ट और गोपाल गैड़ा ने अंपायर तथा अर्जुन बिष्ट ने मैच रेफरी की जिम्मेदारी निभाई। प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ ही खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



