पैलेट गन मामले में FIR की मांग को लेकर राहुल-प्रियंका का थाने के बाहर धरना, दिल्ली में सियासत गरमाई

खबर शेयर करें

समाचार सच, नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन के कथित इस्तेमाल का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी छात्र साहिल लोचब के साथ शिकायत दर्ज कराने पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन पहुंचे। FIR दर्ज नहीं होने का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। कुछ देर बाद कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा भी उनके साथ धरने में शामिल हो गईं।
राहुल गांधी का आरोप है कि छात्र साहिल लोचब की शिकायत पर अब तक FIR दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक मामले में मुकदमा दर्ज नहीं किया जाता, तब तक वह थाने के बाहर ही रहेंगे। धरने में साहिल लोचब के परिजन भी मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों से की मुलाकात
धरने से पहले राहुल गांधी ने पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और डीसीपी कार्यालय में अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने कथित पुलिस बल प्रयोग और प्रदर्शन के दौरान हुई कार्रवाई को लेकर शिकायत दर्ज करने की मांग रखी।
कांग्रेस की ओर से दावा किया गया कि साहिल लोचब ने 14 अगस्त को अपने वकीलों के माध्यम से दिल्ली पुलिस को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन शिकायत का I/O नंबर उपलब्ध नहीं कराया गया। इसके बाद 17 अगस्त को ईमेल और फोन के जरिए भी पुलिस से संपर्क किया गया, लेकिन शिकायत की पावती नहीं मिलने की बात कांग्रेस ने कही है।
पैलेट गन के इस्तेमाल का आरोप
यह विवाद जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कथित कार्रवाई से जुड़ा है। प्रदर्शनकारियों की ओर से पैलेट गन के इस्तेमाल का आरोप लगाया गया था। राहुल गांधी इससे पहले भी इस मुद्दे पर केंद्र सरकार और गृह मंत्री अमित शाह को निशाने पर ले चुके हैं और प्रदर्शनकारियों पर कथित अत्यधिक बल प्रयोग की जवाबदेही तय करने की मांग कर चुके हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने गठित की जांच समिति
मामले की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने पांच सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की है। समिति की अध्यक्षता पूर्व न्यायमूर्ति आर. सुभाष रेड्डी करेंगे। समिति को 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर सहित अन्य स्थानों पर छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की कथित ज्यादती के आरोपों की जांच करनी है।
समिति में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश रवि शंकर झा, दिल्ली हाईकोर्ट की पूर्व न्यायाधीश शालिंदर कौर, सीबीआई के पूर्व निदेशक ऋषि कुमार शुक्ला और मेघालय के पूर्व पुलिस महानिदेशक एल.आर. बिश्नोई को सदस्य बनाया गया है।
फिलहाल राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के थाने के बाहर धरने के बाद यह मामला एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है। कांग्रेस FIR दर्ज करने की मांग पर अड़ी है, जबकि मामले में पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440