समाचार सच, देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश, तेज बौछारों और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हालात को देखते हुए देहरादून जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए शनिवार, 18 जुलाई को जिले के सभी सरकारी, गैर सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है।
जिलाधिकारी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, जिले में कक्षा 1 से 12वीं तक संचालित सभी शिक्षण संस्थान शनिवार को बंद रहेंगे। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि खराब मौसम के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा बनी रहे।
अगले चार दिन भारी बारिश का अलर्ट
-मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 18 से 21 जुलाई तक उत्तराखंड के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है।
-18 जुलाई को देहरादून, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
-19 जुलाई को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और बागेश्वर में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
-20 जुलाई को देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और पौड़ी में भारी वर्षा का अनुमान है, जबकि उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भी कई स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है।
-21 जुलाई को बागेश्वर में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में भी भारी बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सतर्क रहने तथा अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



