-ग्रीन जोन वाले 9 पर्वतीय जिलों में दुकानें सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक खुलेंगी
-देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंहनगर जिले में वर्तमान की स्थिति रहेगी बरकरार
-शराब, नाई की दुकानों को रखा है राज्य में प्रतिबंधित
समाचार सच, देहरादून। भारत सरकार द्वारा दुकानें खोले जाने के संबंध में जारी गाइडलाइन के तहत उत्तराखण्ड के ग्रीन जोन वाले 9 पर्वतीय जिलों में दुकानें सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक खुलेंगी। जबकि देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंहनगर जिलें में वर्तमान की स्थिति बरकरार रहेगी। साथ ही शराब, नाई की दुकानों में राज्य में प्रतिबंधित रखा है।
उक्त निर्णय मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत की अध्यक्षता में शनिवार को भारत सरकार द्वारा उक्त दुकानों को खोले जाने के संबंध में जारी गाइडलाइन पर आयोजित बैठक में लिया गया। बैठक में विचार-विर्मश करने के उपरान्त तय किया गया कि ग्रीन जोन वाले 9 पर्वतीय जिलों में भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार दुकानों को खोला जाएगा। यहां दुकानें सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक खुलेंगी। शराब, नाई आदि जिन दुकानों को प्रतिबंधित रखा गया है, उन दुकानों को बंद रखा जाएगा।
चार जिलों देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंहनगर में वर्तमान की स्थिति बरकरार रहेगी। इन जिलों में आवश्यक वस्तुओं की दुकानें पहले की तरह सुबह 7 से दोपहर 1 बजे तक ही खुलेंगी। इन चार जिलों में यदि किन्हीं क्षेत्रों में शिथिलता दी जानी है तो उसके संबंध मे संबंधित जिलाधिकारी निर्णय लेंगे। इंटर स्टेट व इंटर डिस्ट्रिक्ट यातायात पर पहले की तरह ही रोक रहेगी।
मुख्यमंत्री ने निजी निर्माण कार्यों की अनुमति दिये जाने के लिए भी कहा। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन यह सुनिश्चित कर ले कि सोशल डिस्टेंसिंग को हर हाल में बनाए रखा जाए। लोग बिना काम के बाहर न निकलें। घर से बाहर निकलने पर मास्क का प्रयोग करें। मुख्यमंत्री ने छूट के दायरे में आने वाले 9 जिलों के लोगों से अपील की है कि जरूरी होने पर ही घर से निकले, अनावश्यक बाहर न जाएं और सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा पालन करें।
बैठक में मुख्य सचिव श्री उत्पल कुमार सिंह, डीजीपी श्री अनिल कुमार रतूङी, सचिव श्री अमित नेगी, श्री नितेश झा, श्री शैलेश बगोली, श्रीमती राधिका झा उपस्थित थे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


