समाचार सच, देहरादून डेस्क। उत्तराखंड से मानसून की विदाई हो चुकी है और फिलहाल प्रदेशभर में मौसम साफ बना हुआ है। पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक दिन में धूप खिलने के साथ मौसम सुहावना बना हुआ है। हालांकि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में एक बार फिर मौसम के करवट लेने का अनुमान जताया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 4 अक्तूबर को प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद 5 से 9 अक्तूबर के बीच राज्य के कुछ हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान कहीं-कहीं बादल छाने के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना भी जताई है। ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू होने के साथ ही इसका असर प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी दिखाई दे सकता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट आने की संभावना है। इससे खासकर सुबह और शाम के समय ठंड का एहसास बढ़ सकता है। मौसम में यह बदलाव प्रदेश में सर्दियों के आगमन का संकेत भी माना जा रहा है।
फिलहाल मैदानी इलाकों में दिन के समय मौसम सामान्य बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव के साथ ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने की उम्मीद है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



