समाचार सच, देहरादून डेस्क। देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में मंडुवाला के जंगल में मिले युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने महज 12 घंटे में सुलझा दी। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या की वजह कोई पुरानी रंजिश नहीं, बल्कि एक ऐसा प्रेम संबंध था, जिसे मृतक की पत्नी करीब तीन साल से छिपाकर चल रही थी। जब पति को इस रिश्ते की भनक लगी और उसने दोनों को बेनकाब करने की बात कही तो पत्नी और उसके प्रेमी ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी मीना और उसके प्रेमी लल्लन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
दरअसल, 3 अक्टूबर को प्रेमनगर क्षेत्र के मंडुवाला में डॉल्फिन कॉलेज के समीप जंगल की खाई में एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान 38 वर्षीय मदन मुखिया निवासी सहरसा, बिहार के रूप में की। मदन मंडुवाला-झाझरा क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रहकर मजदूरी करता था।
शव की जांच के दौरान उसके गले पर धारदार हथियार से किए गए वार के निशान मिले। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही क्षेत्र में रहने वाले मजदूरों का सत्यापन करने के साथ संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई।
इसी दौरान पुलिस को मिली अहम सूचना के आधार पर मंडुवाला स्थित बाला सुंदरी मंदिर के पास से लल्लन शर्मा को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में पुलिस को हत्या की पूरी कहानी का सुराग मिला। आरोपी के बयान के आधार पर मृतक की पत्नी मीना को भी प्रेमनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, लल्लन शर्मा मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और मंडुवाला में सुनील टेलर के यहां किराये पर रहकर मजदूरी करता था। इसी दौरान उसकी नजदीकियां मदन की पत्नी मीना से बढ़ गईं। दोनों के बीच करीब तीन साल से प्रेम संबंध चल रहा था और उन्होंने इसे परिवार तथा आसपास के लोगों से छिपाकर रखा था।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि घटना से करीब दो दिन पहले मंडुवाला स्थित तिरुपति मंदिर में मजदूरी के दौरान मदन ने लल्लन का मोबाइल देख लिया था। मोबाइल में उसे अपनी पत्नी मीना और लल्लन के साथ के फोटो और वीडियो मिल गए।
इसके बाद मदन को पत्नी के कथित प्रेम संबंध की जानकारी हो गई। पुलिस के अनुसार, उसने दोनों को उनके रिश्ते को लेकर धमकी दी थी और कहा था कि वह इस पूरे मामले की जानकारी परिवार तथा अन्य लोगों को दे देगा।
पुलिस के मुताबिक, रिश्ते का राज खुलने और बदनामी के डर से लल्लन और मीना ने मदन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। साजिश के तहत मीना मदन को शराब पिलाने के बहाने डॉल्फिन कॉलेज के समीप जंगल में ले गई।
जंगल में मदन के नशे में होने के बाद दोनों ने कथित तौर पर धारदार चाकू से उसके गले पर वार कर दिया। हत्या के बाद शव को जंगल के नीचे खाई में फेंक दिया गया और वारदात में इस्तेमाल चाकू झाड़ियों में छिपा दिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



