दादी के सामने आंगन में खेल रहा था मासूम, झपट्टा मारकर उठा ले गया गुलदार; जंगल में मिला शव

खबर शेयर करें

समाचार सच, पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिले के गंगोलीहाट क्षेत्र में गुलदार ने एक बार फिर दहशत का खौफनाक चेहरा सामने ला दिया। शनिवार शाम घर के आंगन में दादी की मौजूदगी में खेल रहा 10 वर्षीय बालक गुलदार का शिकार बन गया। गुलदार मासूम को उठाकर जंगल की ओर ले गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने तलाश शुरू की तो कुछ ही देर में बालक का शव घर से करीब 200 मीटर दूर झाड़ियों में बरामद हुआ।

घटना गंगोलीहाट तहसील मुख्यालय से करीब आठ किलोमीटर दूर भंडारीगांव और खेतीगांव के बीच की बताई जा रही है। मृतक बालक की पहचान रियांशु, पुत्र भगवान राम के रूप में हुई है।

बताया गया कि शनिवार शाम करीब पांच बजे रियांशु घर के आंगन में अपनी दादी के सामने खेल रहा था। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसे मुंह में दबाकर जंगल की ओर भाग गया।

यह भी पढ़ें -   श्राद्ध पक्ष 2026: किसी आकस्मिक या अकाल घटना (जैसे दुर्घटना, गंभीर बीमारी, हत्या या आत्महत्या) के कारण मृत्यु हो जाने पर कब किया जाता है श्राद्ध

अचानक हुई इस घटना से परिवार में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीण भी मौके पर जुट गए और मासूम की तलाश शुरू कर दी। तलाश के दौरान घर से करीब 200 मीटर और मुख्य सड़क से लगभग 250 मीटर दूर झाड़ियों में रियांशु का शव मिला।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की सक्रियता बनी हुई थी। करीब एक सप्ताह पहले ही ग्राम प्रधान ने गांव में गुलदार के आतंक की जानकारी जिलाधिकारी को देते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद गुलदार को पकड़ने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।

यह भी पढ़ें -   संघ की पाठशाला से राज्यसभा की दहलीज तक: कौन हैं दिनेश आर्य, जिन्हें भाजपा ने उत्तराखंड से बनाया उम्मीदवार?

मासूम की मौत के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ आक्रोश है। लोगों ने तत्काल गुलदार को पकड़ने के साथ गांव और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम वन दरोगा देवेंद्र सिंह महरा के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। टीम में अजय पल्याल, मनीषा, लक्ष्मी लुंठी और दीवान सिंह शामिल रहे।

वहीं पुलिस टीम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। कोतवाल कैलाश जोशी के अनुसार एसआई आकिल सिद्दीकी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। टीम में हेड कांस्टेबल सुभाष, राजपाल, दिवाकर सिंह और वीरेंद्र गैंडा शामिल रहे।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440