समाचार सच, देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में डीडीहाट, गंगोलीहाट, कपकोट और बागेश्वर विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन घोषणाओं पर अब तक शासनादेश जारी नहीं हुए हैं, उन पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी लंबित घोषणाओं के शासनादेश अधिकतम 20 दिनों के भीतर जारी किए जाएं, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में देरी न हो। उन्होंने अधिकारियों को राज्य सरकार के मूल मंत्रकृसरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकृके आधार पर कार्य करने के निर्देश दिए।
सीएम ने जनहित से जुड़े कार्यों में आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान करने पर जोर दिया। साथ ही, योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली दिक्कतों को दूर करने के लिए संबंधित क्षेत्र के विधायकों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करने के निर्देश दिए, जिससे विकास कार्यों की गति बनी रहे।
बैठक में जिलाधिकारियों को वन भूमि ट्रांसफर से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि वन भूमि से संबंधित प्रक्रियाओं में तेजी लाकर विकास कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर किया जाए और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी सड़कों के रख-रखाव के लिए एक समन्वय समिति गठित की जाए, जो मेंटिनेंस कार्यों की नियमित निगरानी करे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुरक्षित और सुगम बना रहेगा।
बरसात के मौसम को देखते हुए सीएम ने सभी सड़कों के पैच वर्क को वर्षाकाल से पहले पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही खेल अवसंरचना के विकास पर विशेष ध्यान देते हुए कहा कि जहां खेल मैदानों के लिए भूमि उपलब्ध है, वहां 15 दिनों के भीतर धनराशि जारी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाए।
उन्होंने कनालीछीना से पिपली बगड़ीगांव मोटर मार्ग के चौड़ीकरण में तेजी लाने, कपकोट के राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय के साथ पूर्व माध्यमिक विद्यालय संचालित करने और बागेश्वर जिला अस्पताल में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए सभी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से लागू किया जाए। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



