श्याम नगरी बना मुखानीः हजारों भक्तों के जयकारों से गूंजा खाटू श्याम मंदिर, भव्य भंडारे में उमड़ा आस्था का सैलाब

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानी। तल्ली बमोरी मुखानी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर का स्थापना दिवस इस वर्ष अभूतपूर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा और पूरा क्षेत्र “हारे के सहारे श्याम हमारे” के जयकारों से भक्तिमय हो उठा।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः शिव मंदिर मुखानी से निकाली गई भव्य ध्वज निशान यात्रा से हुई। रंग-बिरंगे ध्वज, ढोल-नगाड़ों और श्याम भक्तों के भजनों के बीच निकली यात्रा ने पूरे क्षेत्र को श्याममय कर दिया। यात्रा जब खाटू श्याम मंदिर पहुंची तो वहां भक्तों ने फूलों और आकर्षक सजावट के बीच प्रभु खाटू श्याम जी का दिव्य श्रृंगार किया, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

यह भी पढ़ें -   एमबी पीजी कॉलेज में स्वामी विवेकानंद की भव्य मूर्ति का लोकार्पण, मंत्री गणेश जोशी बोले- युवा शक्ति ही बनाएगी भारत को विश्वगुरु

गणेश पूजन और श्याम पूजन के साथ धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ हुआ। पंडित पुष्कर दत्त शास्त्री के नेतृत्व में पंडित हेम गरवाल, पंकज शर्मा, त्रिलोक भट्ट और पुरन चंद्र पाण्डेय द्वारा विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना और हवन सम्पन्न कराया गया। हवन की पवित्र आहुति और शंखध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिरस में डूब गया।

इसके बाद आयोजित भजन-कीर्तन में श्रद्धालु देर तक झूमते रहे। श्याम भजनों की मधुर प्रस्तुतियों ने ऐसा समां बांधा कि मंदिर परिसर देर शाम तक भक्ति और उल्लास से सराबोर रहा।

यह भी पढ़ें -   धामी सरकार का मीडिया को सबसे बड़ा तोहफाः हल्द्वानी बनेगा कुमाऊँ का ‘मीडिया हब’, 6.75 करोड़ के हाईटेक मीडिया सेंटर का शिलान्यास

हवन पूर्ण होने के बाद प्रभु खाटू श्याम जी की भव्य आरती उतारी गई और विशेष भोग अर्पित किया गया। इसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर श्याम बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।

मंदिर समिति के जयप्रकाश अग्रवाल, मदनमोहन अग्रवाल, साकेत अग्रवाल, विनीत अग्रवाल, विपुल अग्रवाल, सिद्धांत अग्रवाल, विजय अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, आदेश अग्रवाल, सौम्या अग्रवाल, पुनीत अग्रवाल, विकास अग्रवाल एवं ओम प्रकाश गुप्ता सहित अनेक सदस्यों ने आयोजन और भंडारे की व्यवस्थाओं को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

स्थापना दिवस समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने यह साबित कर दिया कि खाटू श्याम बाबा के प्रति लोगों की आस्था दिन-प्रतिदिन और अधिक प्रगाढ़ होती जा रही है।

Ad AdAd Ad Ad Ad AdAd Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440