समाचार सच, देहरादून। मसूरी की लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक (एलबीएस) अकादमी में दूसरे दिन भी कोरोना के नए मामले सामने आए। अब संक्रमित ट्रेनी अधिकारियों की संख्या बढ़कर 57 हो चुकी है। दो दिन के भीतर कुल 162 ट्रेनी अधिकारियों के रैपिड एंटीजन टेस्ट किए गए। यह सिलसिला अब भी जारी है।
अकादमी निदेशक डॉ. संजीव चोपड़ा ने बताया कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के साथ स्थिति को संभालने की कोशिश जारी है। यहां एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। कोरोना के मामले मिलने के बाद अकादमी में छह कंटेनमेट जोन बनाए गए हैं। सभी कंटेनमेंट जोन में बैरिकेडिंग की गई है। ट्रेनी अधिकारियों के साथ उनके काउंसलर और निदेशक खुद लगातार संपर्क बनाए हुए हैं। डॉ. संजीव चोपड़ा ने बताया कि अकादमी में कोरोना केस बढ़कर अब 57 हो गए हैं। कोरोना से बचाव के सभी नियमों का पालन किया जा रहा है। सभी कोरोना पॉजिटिव ट्रेनी अधिकारियों की सेहत पर लगातार नजर रखी जा रही है। अकादमी में रैपिड एंटीजन और आरटीपीसीआर टेस्ट लगातार किए जा रहे हैं। उधर, स्वास्थ्य विभाग की टीम शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार टेस्ट कर रही है। मास्क और सामाजिक दूरी के नियम का पालन की अपील की जा रही है। साथ ही नियमों का पालन नहीं करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है। शहर कोतवाल देवेंद्र सिंह असवाल ने बताया कि मास्क नहीं पहने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने पर 112 लोगों के चालान किए गए। इन लोगों से 22400 का जुर्माना वसूला गया है। उन्होंने बताया कि अभियान लगातार जारी रहेगा। देहरादून में कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। शहर के बाजारों में लोगों की भीड़ बढ़ने के साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ती नजर आ रही हैं। संकट के इस समय में किसी भी प्रकार की लापरवाही भारी पड़ सकती है। मुश्किल के इस समय में मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग ही कोरोना से काफी हद तक बचा सकते हैं।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


