समाचार सच, हल्द्वानी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) की प्रक्रिया को लेकर प्रशासन ने निगरानी और सत्यापन का काम तेज कर दिया है। सोमवार को तहसील हल्द्वानी के एनआईसी कक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साप्ताहिक बैठक कर मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि नैनीताल जिले में कुल 6,93,325 मतदाता दर्ज हैं। इनमें से करीब 2.35 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए, जिनकी शत-प्रतिशत तामील पूरी हो चुकी है। अब प्राप्त दावों और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया पर विशेष फोकस किया जा रहा है।
मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने या आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 और नाम-पते समेत अन्य आवश्यक संशोधन के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों पर कार्रवाई की जा रही है। संबंधित आवेदन ईआरओ नेट सॉफ्टवेयर पर दर्ज किए जा रहे हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर विधानसभा क्षेत्र 56-लालकुआं और 59-हल्द्वानी में दावे-आपत्तियों के निस्तारण की निगरानी के लिए कौशल विकास विभाग के निदेशक संजय कुमार को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों से जुड़े फॉर्म-9, 10, 11, 11ए और 11बी प्रतिदिन मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं जिला प्रशासन की वेबसाइट पर ऑनलाइन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार प्रत्येक बूथ लेवल अधिकारी (ठस्व्) के कार्य का कम से कम पांच प्रतिशत सत्यापन बीएलओ सुपरवाइजर द्वारा किया जा रहा है। जिन मतदान केंद्रों पर अपमार्जन की दर दो प्रतिशत से अधिक पाई जाएगी, वहां संबंधित ईआरओ द्वारा व्यक्तिगत सत्यापन कराया जाएगा।
राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील उपजिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि सुधारने के लिए निर्धारित फॉर्म-6, 7 और 8 के माध्यम से आवेदन करें।
उन्होंने कहा कि ैप्त् प्रक्रिया के तहत प्राप्त सभी दावे और आपत्तियों का निस्तारण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किया जाएगा। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ प्रत्येक सोमवार को सुबह 10 से 11 बजे तक साप्ताहिक बैठक आयोजित की जा रही है, जबकि ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का भी समाधान किया जा रहा है।
प्रशासन के अनुसार निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के तहत सुपर चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी स्तर पर समस्या सामने आने पर राजनीतिक दलों और आम लोगों से प्रशासन को तत्काल अवगत कराने को कहा गया है।
बैठक में कांग्रेस, भाजपा, बसपा और आम आदमी पार्टी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान उपजिलाधिकारी मोनिका, उपजिलाधिकारी रेखा कोहली, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, तहसीलदार कुलदीप पांडे सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



