समाचार सच, रुद्रपुर/काशीपुर। ऊधमसिंह नगर के काशीपुर में गुरुवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। आईटीआई थाना क्षेत्र में एक बेलगाम टैंकर ने तीन स्कूली छात्रों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि कक्षा 10 के छात्र शिवम कुमार (15) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने टैंकर और चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक शिवम राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बरखेड़ी में कक्षा 10 का छात्र था। वह अपने परिवार में पांच भाई-बहनों में चौथे स्थान पर था। उसके पिता मनोज सिंह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। इकलौते कमाऊ सदस्य के परिवार पर बेटे की असमय मौत ने दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। घर में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि घायल छात्र वासु और अक्षय आपस में चचेरे-तहेरे भाई हैं। वासु उदय राजेंद्र इंटर कॉलेज, काशीपुर का छात्र है। उसने उस दिन स्कूल से अवकाश लिया था और अपने दोनों साथियों को स्कूल छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि वासु और अक्षय गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का अस्पताल में उपचार जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही आईटीआई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं दुर्घटनाग्रस्त टैंकर और उसके चालक को भी कब्जे में ले लिया गया है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों ने क्षेत्र में बेलगाम दौड़ रहे भारी वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण, दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सड़क सुरक्षा के बेहतर इंतजाम करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



