गौलापार में खेल विश्वविद्यालय की नई शुरुआत, 150 विद्यार्थियों के साथ पहले शैक्षणिक सत्र का आगाज

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानी। रिपोर्ट- अजय सिंह चौहान।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को हल्द्वानी के गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम परिसर में उत्तराखंड के खेल क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और खेल मंत्री रेखा आर्या की मौजूदगी में उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय के प्रथम चरण के निर्माण कार्यों का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया। इसके साथ ही विश्वविद्यालय के पहले शैक्षणिक सत्र की भी शुरुआत हो गई।

विश्वविद्यालय के प्रथम बैच में करीब 150 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। इन विद्यार्थियों के साथ खेल मंत्री रेखा आर्या ने शिलान्यास समारोह से पहले विशेष संवाद भी किया और उनके सपनों, रुचियों तथा भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली।

समारोह का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और खेल मंत्री रेखा आर्या ने दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर राज्य में ही उपलब्ध हों।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि गौलापार में स्थापित हो रहा यह विश्वविद्यालय उत्तराखंड के खिलाड़ियों के लिए नई संभावनाओं का द्वार खोलेगा। उन्होंने कहा कि अब युवाओं को उच्चस्तरीय कोचिंग, स्पोर्ट्स साइंस, स्पोर्ट्स मेडिसिन और इंजरी रिकवरी जैसी सुविधाओं के लिए दूसरे राज्यों या विदेशों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

यह भी पढ़ें -   CM धामी का बड़ा फैसला: विकास योजनाओं के लिए ₹53.72 करोड़ मंजूर, रामनगर सीवरेज योजना को ₹42.75 करोड़

उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि सरकार ने उन्हें मंच और सुविधाएं देने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है, अब खिलाड़ियों की जिम्मेदारी है कि वे कड़ी मेहनत और समर्पण के साथ देश-दुनिया में उत्तराखंड का नाम रोशन करें।

पहले बैच के विद्यार्थियों से खेल मंत्री ने किया सीधा संवाद
शिलान्यास समारोह से पहले खेल मंत्री रेखा आर्या ने विश्वविद्यालय के प्रथम शैक्षणिक सत्र में प्रवेश लेने वाले करीब 150 विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। उन्होंने बैचलर इन स्पोर्ट्स साइंस, बैचलर इन स्पोर्ट्स मैनेजमेंट और डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स कोचिंग के विद्यार्थियों से सीधे बातचीत की।

खेल मंत्री ने कहा कि आधुनिक समय में खेल केवल मैदान पर प्रदर्शन तक सीमित नहीं हैं। बायोमैकेनिक्स, स्पोर्ट्स न्यूट्रिशन, इंजरी प्रिवेंशन, स्पोर्ट्स साइंस और स्पोर्ट्स मार्केटिंग जैसे क्षेत्र भी खेलों का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुके हैं।

उन्होंने कहा कि खेल विज्ञान खिलाड़ियों के प्रदर्शन को वैज्ञानिक आधार देगा, जबकि स्पोर्ट्स मैनेजमेंट से प्रदेश में खेल प्रशासन को नई दिशा मिलेगी।

विद्यार्थियों में दिखा उत्साह
प्रथम बैच के विद्यार्थियों ने खेल मंत्री के साथ बातचीत में अपनी अपेक्षाएं और अनुभव साझा किए। विद्यार्थियों ने राज्य में ही आधुनिक स्पोर्ट्स साइंस लैब, अत्याधुनिक खेल सुविधाओं, इंडोर कॉम्प्लेक्स और विशेषज्ञ प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन मिलने को बड़ी उपलब्धि बताया।

यह भी पढ़ें -   नेपाल में जलप्रलय से हाहाकार! 586 मौतें, 2,400 से ज्यादा लापता, 320 भारतीयों की तलाश, भारत ने भेजी राहत की तीसरी खेप

खेल मंत्री ने विद्यार्थियों को भरोसा दिलाया कि विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल वैज्ञानिकों, फिजियोथेरेपिस्टों तथा अन्य विशेषज्ञों की सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का पहला बैच केवल विद्यार्थी नहीं, बल्कि उत्तराखंड के खेल इतिहास के पहले अध्याय का हिस्सा है। आने वाले समय में यही विद्यार्थी प्रदेश और देश के खेल क्षेत्र को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

खिलाड़ियों को सम्मान और प्रोत्साहन राशि
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि का डीबीटी के माध्यम से सीधे भुगतान किया गया। वहीं मुख्यमंत्री उदयीमान खिलाड़ी एवं प्रोत्साहन योजना के चयनित खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति भी प्रदान की गई।

वर्ष 2024-25 के देवभूमि खेल रत्न और देवभूमि द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र और चेक देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायक सरिता आर्या, मोहन सिंह बिष्ट, दीवान सिंह बिष्ट, मेयर हल्द्वानी गजराज सिंह बिष्ट, पूर्व विधायक महेश नेगी, उत्तराखंड ओलंपिक संघ के सचिव डीके सिंह, कुलदीप बुटोला, मोहन पाठक, सुरेश भट्ट, शंकर कोरंगा, दिनेश आर्य, हरीश पांडे सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440