समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क। हल्द्वानी के महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। चुनाव और मतगणना के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान, पार्किंग व्यवस्था और जीरो जोन निर्धारित किए हैं। ऐसे में चुनाव के दौरान शहर में आने-जाने वाले लोगों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा।
चुनाव/मतगणना के दौरान नैनीताल रोड के प्रतिबंधित क्षेत्र में छोटे-बड़े मालवाहक वाहनों तथा अति आवश्यक सेवाओं से संबंधित प्रतिबंधित वाहनों का प्रवेश नहीं होगा। ऐसे वाहनों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए बाईपास मार्गों का प्रयोग करना होगा।
बरेली रोड से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वालों का रूट –
बरेली रोड से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को तीनपानी फ्लाईओवर से गोलापार रोड होते हुए नारिमन तिराहा की ओर भेजा जाएगा। यहां से वाहन अपने गंतव्य की ओर रवाना होंगे।
रामपुर रोड से आने वाले वाहनों के लिए डायवर्जन
रामपुर रोड से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को गन्ना सेंटर तिराहा से डायवर्ट कर बरेली रोड, तीनपानी फ्लाईओवर, गोलापार रोड और नारिमन तिराहा होते हुए भेजा जाएगा।
वहीं, कालाढूंगी रोड की ओर जाने वाले वाहनों को पंचायतघर तिराहा से डायवर्ट कर आईटीआई रोड होते हुए कालाढूंगी रोड की ओर भेजा जाएगा।
पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले वाहन इस रास्ते से जाएंगे
पर्वतीय क्षेत्रों से मैदानी इलाकों की ओर आने वाले सभी वाहनों को नारिमन तिराहा से गोलापार रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद वाहन अपने निर्धारित गंतव्य तक जा सकेंगे।
रोडवेज और केमू बसों के रूट में भी बदलाव
पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी आने वाली रोडवेज और केमू की बसें नारिमन तिराहा से गोलापार रोड, इंद्रानगर गेट/शनिबाजार रोड, मंडी और सिंधी चौराहा होते हुए रोडवेज/केमू स्टेशन पहुंचेंगी।
इसी तरह हल्द्वानी रोडवेज/केमू स्टेशन से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाली बसें रोडवेज पूर्वी गेट से ताज चौराहा, गोलापुल, गोलापार रोड और नारिमन तिराहा होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएंगी।
काठगोदाम से हल्द्वानी आने वालों के लिए भी बदला रूट
काठगोदाम क्षेत्र से हल्द्वानी शहर की ओर आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
कॉलटैक्स/हाइडिल तिराहा से वाहन पनचक्की तिराहा, चंबल पुल, लालडांठ तिराहा/ऊंचापुल चौराहा होते हुए आगे जाएंगे।
आवास विकास तिराहा से आने वाले वाहनों को ठंडी सड़क होते हुए तिकोनिया चौराहा की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
हल्द्वानी से काठगोदाम की ओर जाने वाले वाहन तिकोनिया चौराहा, कैनाल रोड, कुल्यालपुरा चौराहा, पानी की टंकी और पनचक्की चौराहा होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों और पत्रकारों के लिए यहां होगी पार्किंग
छात्रसंघ चुनाव एवं मतगणना ड्यूटी में तैनात अधिकारी-कर्मचारियों और पत्रकारों के वाहनों के लिए एमबी इंटर कॉलेज ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
इन तीन स्थानों पर रहेगा जीरो जोन
चुनाव के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए तीन स्थानों को जीरो जोन बनाया गया है। इन मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
दुर्गा सिटी सेंटर तिराहा से महारानी होटल तिराहा तक
कुल्यालपुरा चौराहा से सरस्वती रेस्टोरेंट तिराहा तक
कलावती चौराहा से कुल्यालपुरा चौराहा तक
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि छात्रसंघ चुनाव और मतगणना के दौरान डायवर्जन प्लान का पालन करें, प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



