महिलाओं की प्रतिभा, कुमाऊँनी संस्कृति और हरेला पर्व की खुशबू से महकेगा आयोजन, आईजी नैनीताल करेंगी शुभारंभ
समाचार सच, हल्द्वानी।
हल्द्वानी में 8 अगस्त को कुमाऊँनी संस्कृति, पारंपरिक व्यंजनों और महिलाओं की प्रतिभा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, महिला प्रकोष्ठ, जिला नैनीताल की ओर से “हरेला क्वीन”, “सावन क्वीन” एवं “कुमाऊँनी व्यंजन प्रतियोगिता” का भव्य आयोजन परिणय वाटिका बैंक्वेट हॉल में शनिवार दोपहर 3 बजे से किया जाएगा। इस बहुप्रतीक्षित कार्यक्रम का शुभारंभ आईजी नैनीताल श्रीमती निवेदिता कुकरेती करेंगी।
महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष श्रीमती कुसुम दिगारी ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह आयोजन केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। उन्होंने कहा कि हरेला पर्व प्रकृति, हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक है, इसलिए कार्यक्रम के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण और पर्यावरण बचाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रतिभागी पारंपरिक कुमाऊँनी परिधान, लोक संस्कृति और लोक कला की झलक प्रस्तुत करेंगी। वहीं कुमाऊँनी व्यंजन प्रतियोगिता में प्रदेश के पारंपरिक स्वाद और पहाड़ी खान-पान की समृद्ध विरासत को भी मंच मिलेगा। इससे नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, रीति-रिवाजों और पारंपरिक व्यंजनों से जोड़ने का अवसर प्राप्त होगा।
कुसुम दिगारी ने कहा कि महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम महिलाओं को अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित करने का सुनहरा मंच प्रदान करेगा। उन्होंने जनपद की सभी महिलाओं और संस्कृति प्रेमियों से इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने और इसे ऐतिहासिक बनाने की अपील की।
प्रेस वार्ता में महिला प्रकोष्ठ की जिला महामंत्री ऊर्वशी बोरा, कोषाध्यक्ष विनीता शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष ज्योति मेहता, कंचन कनवाल, नीता मेहरा, जिला संरक्षक इंद्र कुमार भटियानी, प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष विपिन गुप्ता, युवा जिलाध्यक्ष प्रदीप सब्बरवाल, जिला महामंत्री हर्ष वर्द्धन पांडे, जिला मीडिया प्रभारी नीरू भल्ला सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



