केंद्रीय संचार एवं मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री ने की उत्तराखण्ड के पांच सितारा गांवों की घोषणा
समाचार सच, हल्द्वानी। डाकघर की विश्वसनीयता आज भी जनता के बीच कायम है। इसे ध्यान में रखते हुए हमें 5 सितारा गांव जैसी योजनाओं को अपना कर दूरस्थ क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति तक अपनी पहुंच स्थापित करनी चाहिए। यह निर्देश केंद्रीय संचार एवं मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री संजय धोत्रे ने मंगलवार को उत्तराखंड के पांच सितारा गांवों की घोषणा करते हुए कही। वह उत्तराखंड डाक परिमंडल के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। केंद्रीय मंत्री ने उत्तराखंड में पांच योजनाओं से आच्छादित पचास पांच सितारा गांवों की घोषणा करते हुए डाकघर के अधिकारियों को निर्देश दिये कि डाक निदेशालय स्तर से जो भी लक्ष्य दिए जा रहे हैं, उनसे आगे बढ़ते हुए परिमण्डल व मण्डल स्तर पर अधिकारी अपने लिए स्वयं लक्ष्य निर्धारित करें और उन्हें पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कोविड-19 के दौरान ग्राहकों को उनके बैंक खातों की धनराशि का भुगतान घर पर ही एईपीएस के माध्यम से किये जाने की सराहना की। कहा कि कोविड-19 के संक्रमण के दौरान सारी व्यवस्थाएं ठप हो जाने के बावजूद डाक विभाग ने अपनी सेवाओं को न केवल जारी रखा बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं में प्रयोग होने वाली वस्तुओं का चिकित्सालयों व अस्वस्थ व्यक्तियों तक वितरण सुनिश्चित किया, जो काबिले तारीफ है। केंद्रीय मंत्री ने उत्तराखण्ड डाक परिमंडल द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए सुकन्या समृद्धि योजना में अखिल भारतीय स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर भी उत्तराखण्ड डाक परिमण्डल को बधाई दी। समीक्षा के दौरान केंद्रीय मंत्री संजय धोत्रे ने सुकन्या समृद्धि योजना के खाताधारकों आराध्या, देवांशी कुकरेती व रएशा कक्कड़ को पासबुक भी वितरित की। साथ ही उन्होंने वरिष्ठ नागरिक कल्याण निधि में स्थानान्तरित हुए खातों की धनराशि के चौकों का वितरण भी किया। जिसमें गुलशन चान्दना व मृदुला चान्दना को चेक वितरित किये गये। इन वरिष्ठ नागरिकों को डाक विभाग की योजनाओं से पुनः जोड़ते हुए उनके नए बचत बैंक खाते की पासबुक, चौक बुक एवं ए0टी0एम0 कार्ड का वितरण भी किया गया। इस दौरान चीफ पोस्टमास्टर जनरल उत्तराखण्ड परिमण्डल अंजली आनन्द, निदेशक डाक सेवायें, उत्तराखण्ड सुनील कुमार राय, सहायक अधीक्षक राजेश कुमार बिनवाल समेत उत्तराखण्ड परिमण्डल के सभी मण्डलों के अधीक्षक, परिमण्डलीय कार्यालय के समस्त अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












