हरिद्वार से गौलापार तक कांवड़ यात्रा जारी, 11 अगस्त को शिवालयों में होगा जलाभिषेक; क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना

समाचार सच, हल्द्वानी। रिपोर्ट- अजय सिंह चौहान
सावन माह में भगवान भोलेनाथ के प्रति अटूट आस्था और श्रद्धा का अद्भुत उदाहरण पेश करते हुए पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य खेड़ा एवं गौलापार-चौरगलिया क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अर्जुन सिंह बिष्ट अपनी टीम के साथ प्रथम कांवड़ पदयात्रा पर निकले हुए हैं। हरिद्वार से गंगाजल लेकर पैदल गौलापार पहुंचने का उनका संकल्प क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है
अर्जुन सिंह बिष्ट एवं उनकी टीम ने 3 अगस्त 2026 को हल्द्वानी के कालीचौड़ क्षेत्र से हरिद्वार के लिए प्रस्थान किया। 4 अगस्त को हरिद्वार में गंगा स्नान एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद पवित्र गंगाजल लेकर पदयात्रा शुरू की। पैदल कावड़ यात्रा के चौथे दिन 7 अगस्त को टीम ने प्रातःकाल अफजलगढ़ से आगे की यात्रा प्रारंभ की और जसपुर से होते हुए रात्रि विश्राम काशीपुर में किया जायेगा। और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 11 अगस्त को यात्रा गौलापार पहुंचेगी।
यात्रा का नेतृत्व कर रहे अर्जुन सिंह बिष्ट के साथ गोपाल सिंह गंगोला, रवि, कमल, महेंद्र, नितिन, डिगर, भगवान सहित अन्य शिवभक्त भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ पदयात्रा कर रहे हैं। श्रद्धालु बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ कठिन मार्ग को भी सहज बना रहे हैं।
अर्जुन सिंह बिष्ट ने बताया कि भगवान भोलेनाथ की असीम कृपा से उन्हें प्रतिदिन 25 से 30 किलोमीटर पैदल चलने की ऊर्जा और शक्ति मिल रही है। पूरी टीम प्रतिदिन जहां भी शिव मंदिर मिलता है, वहीं रात्रि विश्राम करती है। सुबह 3 बजे स्नान एवं पूजा-अर्चना के बाद पुनः यात्रा शुरू कर दी जाती है। उन्होंने बताया कि 11 अगस्त को गौलापार पहुंचने के बाद कालीचौड़ मंदिर, कुंवरपुर, दौलतपुर, किशनपुर तथा क्षेत्र के अन्य शिव मंदिरों में गंगाजल से जलाभिषेक किया जाएगा।
अर्जुन सिंह बिष्ट ने कहा कि यह कांवड़ यात्रा उन्होंने अपने क्षेत्र की सुख-शांति, खुशहाली, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, सामाजिक सौहार्द, किसानों की उन्नति, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य तथा समस्त क्षेत्रवासियों के मंगलमय जीवन की कामना के साथ निकाली है। उनका कहना है कि यह यात्रा केवल व्यक्तिगत आस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज और क्षेत्र की खुशहाली के लिए भगवान शिव से सामूहिक प्रार्थना का माध्यम भी है।
गौरतलब है कि अर्जुन सिंह बिष्ट पूर्व में खेड़ा क्षेत्र से क्षेत्र पंचायत सदस्य रह चुके हैं। वर्तमान में उनकी धर्मपत्नी लीला बिष्ट गौलापार आमखेड़ा-चौरगलिया क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य हैं। दोनों पति-पत्नी क्षेत्र में सामाजिक सरोकारों और जनसेवा के लिए सक्रिय रहते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अर्जुन सिंह बिष्ट हमेशा क्षेत्रवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहते हैं और यही सेवा भाव उनकी इस धार्मिक यात्रा में भी दिखाई दे रहा है।
टीम में शामिल अधिकांश श्रद्धालुओं के लिए यह पहली कांवड़ पदयात्रा है, लेकिन उनकी श्रद्धा और उत्साह किसी अनुभवी कांवड़िए से कम नहीं है। पूरे मार्ग में शिवभक्तों का उत्साह, अनुशासन और सेवा भावना लोगों को भी शिवभक्ति के लिए प्रेरित कर रही है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


