समाचार सच, चंबा डेस्क। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर दिया। तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर देवीकोठी के समीप चालुज मोड़ में एक निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी और दूसरी सड़क पर जा पलटी। हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में छह की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक निजी बस सुबह करीब 6:30 बजे बैरागढ़ से चंबा के लिए रवाना हुई थी। बताया जा रहा है कि बस ने अभी लगभग तीन किलोमीटर का ही सफर तय किया था कि चालुज मोड़ के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बस सड़क से नीचे लुढ़कते हुए दूसरी सड़क पर जा गिरी।
हादसा इतना भीषण था कि बस के परखच्चे उड़ गए और कई यात्री वाहन के अंदर ही फंस गए। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना देने के साथ बचाव अभियान शुरू कर दिया।
जेसीबी की मदद से निकाले गए फंसे यात्री
सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसके अंदर फंसे यात्रियों को निकालने में काफी मुश्किलें आईं। रेस्क्यू ऑपरेशन को गति देने के लिए दो जेसीबी मशीनें मौके पर बुलाई गईं।
बचाव अभियान के दौरान पहले तीन शव बाहर निकाले गए। इसके बाद बस के अंदर से अन्य यात्रियों को निकालने का सिलसिला जारी रहा। रेस्क्यू पूरा होने तक मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई। वहीं 11 घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए तीसा अस्पताल भेजा गया।
छह घायल चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर
एसडीएम चुराह राजेश कुमार जरियाल के अनुसार हादसे में सात लोगों की मौत हुई है। स्थानीय लोगों और प्रशासन की टीमों ने मिलकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। 11 घायलों में से छह को तीसा में प्राथमिक उपचार देने के बाद चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
हादसे की वजह की जांच शुरू
हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर चालक के वाहन से नियंत्रण खोने की बात सामने आ रही है, लेकिन हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों की पहचान संबंधी जानकारी भी जारी की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने पहाड़ी मार्गों पर यातायात व्यवस्था और सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की मांग की है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



