समाचार सच, हल्द्वानी। रिपोर्ट- अजय चौहान
हल्द्वानी के वरिष्ठ व्यापारी एवं भाजपा नैनीताल जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट के पिता उमेद सिंह बिष्ट का बुधवार शाम निधन हो गया। वह 80 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर सामने आते ही भाजपा कार्यकर्ताओं, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।
मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के जैंती विकासखंड के उडियारी गांव के रहने वाले उमेद सिंह बिष्ट लंबे समय से हल्द्वानी में रह रहे थे। शहर के व्यापारिक क्षेत्र में उनकी अलग पहचान थी। वह मंडी में आढ़त के कारोबार से जुड़े रहे और व्यापारियों के बीच उन्हें सम्मानपूर्वक ‘सेठ जी’ के नाम से भी जाना जाता था।
बताया गया कि उमेद सिंह बिष्ट अपने पीछे दो पुत्रों प्रताप बिष्ट और संजय बिष्ट तथा तीन बेटियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिचितों और शुभचिंतकों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं पारिवारिक सदस्य लक्ष्मण सिंह लमगड़िया तथा भाजपा जिला महामंत्री रंजन बर्गली समेत कई लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।
परिजनों के अनुसार उमेद सिंह बिष्ट का अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह 10 बजे रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट पर किया जाएगा।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440




