समाचार सच, हल्द्वानी। अनलॉक 3 में लगभग सभी कारोबारों को अनुमति मिल चुकी है आज नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश से मिलने गये बैंड कारोबारियों को उनके द्वारा जानकारी दी गयी। इस पर किसी प्रकार की रोक न होना बताया गया है। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष ने बैंड कारोबारियों से व्यवसाय शुरू करने की बात कही है। बैंड व्यवसाय को अनुमति की मांग को लेकर हल्द्वानी-नैनीताल बैंड एसोसिएशन ने नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान बैंड व्यवसाय से जुड़े लोगों का कहना था कि लॉकडाउन में कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर बैंड बाजे पर भी प्रतिबंध आवश्यक था। चूंकि अब अनलॉक-3 में लगभग सभी कारोबारों को अनुमति मिल चुकी है, ऐसे में बैंड कारोबार को अनुमति न देने से इससे जुड़े लोगों के समक्ष रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने कहा कि बैंड व्यवसाय से बैंड बाजा के साथ ही बग्गी, लाईट आदि से जुड़े लोगों की भी रोजी रोटी जुड़ी हुई है। इसलिए बैंड कारोबार को शीघ्र अनुमति प्रदान की जाए। बैंड व्यापारियों की समस्या को देखते हुए नेता प्रतिपक्ष डॉ इंदिरा हृदयेश ने जिलाधिकारी नैनीताल के अलावा जिले के अन्य प्रशासनिक अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता की। नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि अधिकारियों की ओर से उन्हें यह जानकारी दी गई है कि प्रशासन की तरफ से बैंड व्यवसाय पर किसी तरह की रोक नहीं है। इस पर नेता प्रतिपक्ष ने बैंड व्यवसाय से जुड़े लोगों से अपना कारोबार शुरू करने की बात कही। साथ ही उनकी अन्य समस्याओं के संबंध में मुख्यमंत्री के अलावा शासनस्तर पर वार्ता करने का भरोसा भी दिलाया। ज्ञापन देने वालों में बैंड एसोसिएशन के अध्यक्ष उस्मान हुसैन, सचिव शाकिर हुसैन समेत बैंड व्यवसाय से जुड़े कई लोग शामिल रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



