PNB के CSR से UOU की डिजिटल पढ़ाई को मिली नई ताकत, सेंट्रल कंप्यूटर लैब में शुरू हुआ तकनीकी विस्तार

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के लिए डिजिटल शिक्षा और तकनीकी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल के तहत विश्वविद्यालय की सेंट्रल कंप्यूटर लैब को कंप्यूटर उपलब्ध कराने की पहल की है। इसी क्रम में मंगलवार को विश्वविद्यालय परिसर में कंप्यूटर लैब का उद्घाटन किया गया।

कार्यक्रम में पंजाब नेशनल बैंक के देहरादून अंचल के महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख श्री अनुपम मुख्य अतिथि रहे, जबकि हल्द्वानी मंडल के उपमहाप्रबंधक एवं मंडल प्रमुख श्री सिद्धार्थ अधिकारी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने की।

PNB की ओर से विश्वविद्यालय की सेंट्रल कंप्यूटर लैब के लिए कुल 30 कंप्यूटर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है। इसके तहत प्रथम चरण में 10 कंप्यूटर विश्वविद्यालय को प्रदान किए जा चुके हैं, जबकि शेष 20 कंप्यूटर आगामी चरणों में उपलब्ध कराए जाएंगे।

यह भी पढ़ें -   जीजीआईसी नैनीताल की छात्राओं को मिला सुरक्षा का संदेश, आपात स्थिति में तुरंत 112 पर करें संपर्क

कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय के कुलगीत से हुई। स्वागत संबोधन में प्रो. जीतेन्द्र पाण्डे ने बैंक अधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि वर्तमान दौर में उच्च शिक्षा के साथ-साथ ऑनलाइन लर्निंग, ई-कंटेंट, डिजिटल प्रशिक्षण और तकनीक आधारित विद्यार्थी सहायता व्यवस्था बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। ऐसे में PNB का सहयोग विश्वविद्यालय के डिजिटल ढांचे को और मजबूत करने में सहायक साबित होगा।

विशिष्ट अतिथि श्री सिद्धार्थ अधिकारी ने बैंक की CSR गतिविधियों और शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक दायित्वों पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि श्री अनुपम ने कहा कि शिक्षा और तकनीक के माध्यम से समाज को सशक्त बनाने में संस्थागत सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं डिजिटल गतिविधियों की सराहना करते हुए भविष्य में भी सहयोग की भावना व्यक्त की।

यह भी पढ़ें -   आज का राशिफल | 12 सितम्बर 2026, शनिवार | जानिए आज का पंचांग और सभी 12 राशियों का भविष्यफल, किस राशि को मिलेगा धन लाभ और किन राशियों को बरतनी होगी सावधानी

कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने PNB का आभार जताते हुए कहा कि आज के समय में तकनीक शिक्षा व्यवस्था का अभिन्न हिस्सा बन चुकी है। विश्वविद्यालय में डिजिटल सुविधाओं के विस्तार से विद्यार्थियों को बेहतर लर्निंग सपोर्ट मिलेगा और शैक्षणिक, प्रशिक्षण एवं डिजिटल लर्निंग गतिविधियों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकेगा। उन्होंने PNB की पहल को शिक्षा के क्षेत्र में CSR का उपयोगी उदाहरण बताया।

कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव श्री खेमराज भट्ट ने अतिथियों और PNB अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर PNB की ओर से श्री दीप चन्द्र, सहायक महाप्रबंधक और श्रीमती बबीता कांडपाल, मुख्य प्रबंधक, हल्द्वानी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। विश्वविद्यालय की ओर से प्रो. गिरिजा पाण्डेय, प्रो. रेनू प्रकाश, प्रो. राकेश रायाल, प्रो. अरविन्द भट्ट, प्रो. आशुतोष कुमार भट्ट सहित शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440