डिप्टी कलेक्टर समेत विभिन्न प्रशासनिक पदों पर चयनित अभ्यर्थियों की अंतिम सूची जारी, हजारों उम्मीदवारों का इंतजार खत्म
समाचार सच, देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) ने उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2024 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। मुख्य परीक्षा, साक्षात्कार, शारीरिक मापदंड परीक्षण और मेडिकल जांच के बाद आयोग ने विभिन्न विभागों के लिए चयनित अभ्यर्थियों की अंतिम मेरिट सूची जारी की है।
इस प्रतिष्ठित परीक्षा में जसमीत कौर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है। डिप्टी कलेक्टर के कुल 9 पदों पर चयन हुआ है, जिनमें जसमीत कौर के अलावा वर्षा जोशी, आशुतोष नौटियाल, अमित चंद्र द्विवेदी, मीनाक्षी भाटिया, फराज मियां, विरल शर्मा, उज्जवल डालाकोटी और काजल सैनी शामिल हैं।
पुलिस विभाग में डीएसपी के 10 पदों और जिला कमांडेंट होमगार्ड के 5 पदों पर भी अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। वहीं, राज्य कर अधिकारी के 53, सहायक आयुक्त राज्य कर के 16, वित्त अधिकारी के 14 और सहायक नगर आयुक्त के 7 पदों पर नियुक्ति के लिए उम्मीदवारों का चयन हुआ है।
शिक्षा विभाग में उप शिक्षा अधिकारी, स्टाफ अधिकारी एवं विधि अधिकारी के 58 पदों पर चयन किया गया है। इसके अलावा जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, कार्य अधिकारी जिला पंचायत, परिवीक्षा अधिकारी और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) जैसे महत्वपूर्ण पदों के लिए भी अंतिम परिणाम जारी किया गया है।
आयोग के अनुसार मुख्य परीक्षा के संशोधित परिणाम के बाद मार्च से अप्रैल 2026 के बीच साक्षात्कार आयोजित किए गए थे। सभी चरणों में अभ्यर्थियों के प्रदर्शन और पद वरीयता के आधार पर अंतिम चयन सूची तैयार की गई है।
परिणाम जारी होने के साथ ही हजारों अभ्यर्थियों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार समाप्त हो गया है। चयनित उम्मीदवार अब नियुक्ति प्रक्रिया के अगले चरण में प्रवेश करेंगे, जबकि विभिन्न विभागों को नए अधिकारियों की सेवाएं मिलेंगी।










सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



