1 जुलाई से खुलेंगे उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के एडमिशन, फीस में बड़ी राहत और 2 नए कोर्स लॉन्च, जानिए पूरी डिटेल

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानी। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू), हल्द्वानी में जुलाई सत्र 2026 के प्रवेश अभियान की शुरुआत 1 जुलाई से होने जा रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया, नए पाठ्यक्रमों और छात्र हित में लागू की गई कई नई सुविधाओं की घोषणा की है। प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी 10 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।

विश्वविद्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने बताया कि इस बार विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के अनुरूप अब सेमेस्टर आधारित सभी पाठ्यक्रमों में फीस एकमुश्त जमा करने के बजाय सेमेस्टरवार जमा करने की सुविधा मिलेगी, जिससे छात्रों पर आर्थिक बोझ कम होगा।

उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय इस सत्र में 15 स्नातक, 35 स्नातकोत्तर, 16 डिप्लोमा और 29 प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रमों में प्रवेश देगा। इसके अलावा डिप्लोमा इन भगवद्गीता स्टडीज़ और मानवाधिकार प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रम की शुरुआत भी इसी सत्र से की जा रही है। वहीं BLIS और B.Ed. (ODL) में प्रवेश UGC-DEB की स्वीकृति के बाद शुरू किए जाएंगे।

कुलपति ने बताया कि एमबीए, एमसीए, एमटीटीएम, बी.एड. स्पेशल एजुकेशन, एम.एड. स्पेशल एजुकेशन, बी.ए. योग (ऑनर्स) और एम.ए. योग कार्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन भी 1 जुलाई से उपलब्ध होंगे।

विश्वविद्यालय ने प्रवेश के लिए DEB-ID और ABC-ID को अनिवार्य कर दिया है। साथ ही विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत क्रेडिट मोबिलिटी, मल्टीपल एंट्री और मल्टीपल एग्जिट जैसी सुविधाओं का भी लाभ मिलेगा। पढ़ाई की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए विद्यार्थियों का मूल्यांकन ब्लूम्स टैक्सोनॉमी के आधार पर किया जाएगा तथा कोर्स पूरा करने पर छात्र स्वतः विश्वविद्यालय के एलुमनाई बन जाएंगे।

यह भी पढ़ें -   उत्तराखंड में सड़क हादसों का काला दिन : चार दुर्घटनाओं में 9 की मौत, कांग्रेस नेता समेत कई लोगों ने गंवाई जान

प्रदेशभर में विश्वविद्यालय के 144 लर्नर सपोर्ट सेंटर (LSCs) विद्यार्थियों को शैक्षणिक सहायता प्रदान करेंगे। इसके अलावा सैनिकों और जेल बंदियों के लिए भी विशेष अध्ययन केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, ताकि उच्च शिक्षा हर वर्ग तक पहुंच सके।

शुल्क में राहत भी इस बार प्रवेश प्रक्रिया की खास बात है। थर्ड जेंडर के विद्यार्थियों के लिए पूरी फीस माफ रहेगी। बीएससी और एमएससी के प्रायोगिक विषयों में कार्यशाला शुल्क पर 30 प्रतिशत की छूट मिलेगी, जबकि e-SLM चुनने वाले विद्यार्थियों को कार्यक्रम शुल्क में 15 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। साथ ही जरूरतमंद छात्र ऑनलाइन आवेदन के दौरान प्रिंट स्टडी मैटेरियल का विकल्प भी चुन सकेंगे।

कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने प्रदेश और देशभर के विद्यार्थियों से जुलाई सत्र 2026 में प्रवेश लेकर विश्वविद्यालय की आधुनिक, रोजगारोन्मुख और तकनीक आधारित शिक्षा व्यवस्था का लाभ उठाने की अपील की।

Ad AdAd Ad Ad Ad AdAd Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440