उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 9-10 अगस्त को कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; पहाड़ों में बढ़ेगा भूस्खलन का खतरा

खबर शेयर करें

समाचार सच, देहरादून डेस्क। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने की तैयारी में है। प्रदेश में अगले दो दिन मौसम के लिहाज से बेहद संवेदनशील रहने वाले हैं। मौसम विभाग ने 9 और 10 अगस्त को कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। बारिश के साथ आकाशीय बिजली, भूस्खलन और चट्टान गिरने जैसी घटनाओं का खतरा भी बढ़ सकता है। मौसम के इस पूर्वानुमान को देखते हुए आपदा प्रबंधन तंत्र को भी सतर्क कर दिया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार 9 अगस्त को चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश के आसार हैं। कुछ स्थानों पर बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने की भी संभावना है। मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए इन तीनों जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा टिहरी, देहरादून, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और चंपावत में भी कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

यह भी पढ़ें -   किच्छा में स्ट्रांग रूम के बाहर हंगामा, बेहड़ और राजेश शुक्ला हिरासत में

10 अगस्त को इन जिलों पर ज्यादा असर
बारिश का असर अगले दिन भी बना रहेगा। 10 अगस्त को देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर और चंपावत में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में बारिश बेहद तीव्र हो सकती है और आकाशीय बिजली का खतरा भी रहेगा। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, चमोली, पिथौरागढ़ और ऊधम सिंह नगर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

11 अगस्त को भी राहत के आसार कम
मौसम विभाग के मुताबिक 11 अगस्त को भी प्रदेश में बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दिन देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और नैनीताल में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है।

लगातार बारिश के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और चट्टान गिरने की घटनाएं सामने आ सकती हैं। इससे पहाड़ी मार्गों पर यातायात प्रभावित होने के साथ बिजली और पेयजल जैसी आवश्यक सेवाओं पर भी असर पड़ने की आशंका है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।

यह भी पढ़ें -   आज का राशिफल | 22 सितम्बर 2026, मंगलवारपार्श्व परिवर्तनी एकादशी आज, स्मार्त और वैष्णव दोनों के लिए व्रत; जानिए पंचांग और सभी 12 राशियों का भविष्यफल

चारधाम यात्रियों को विशेष सावधानी की सलाह
मौसम विभाग ने संवेदनशील पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को मौसम की स्थिति और स्थानीय प्रशासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।

मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग भी अलर्ट मोड पर है। प्रशासन को संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

अगले 48 घंटे उत्तराखंड के लिए अहम माने जा रहे हैं। ऐसे में लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की जरूरत है।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440