यमुनोत्री हाईवे फिर ठप! मूसलाधार बारिश से कई जगह भूस्खलन, सैकड़ों श्रद्धालु फंसे, यमुना भी उफान पर

खबर शेयर करें

समाचार सच, उत्तरकाशी।
उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर यमुनोत्री धाम यात्रा की रफ्तार रोक दी है। बुधवार रात से जारी भारी वर्षा के चलते यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन होने से सड़क पूरी तरह बंद हो गई। पहाड़ियों से लगातार मलबा, चट्टानें और बड़े-बड़े पत्थर गिरने के कारण सैकड़ों श्रद्धालु और स्थानीय लोग अलग-अलग स्थानों पर फंस गए हैं।

सबसे अधिक प्रभावित सिलाई बैंड, दुर्बिल बैंड और जंगलचट्टी क्षेत्र हैं, जहां लगातार हो रहे भूस्खलन के चलते मार्ग बहाल करना प्रशासन और निर्माण एजेंसी के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। जेसीबी और अन्य मशीनों से मलबा हटाने का काम जारी है, लेकिन बारिश और पहाड़ियों से लगातार गिर रहे पत्थरों के कारण कार्य बार-बार बाधित हो रहा है।

सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी है। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और कई श्रद्धालुओं को घंटों तक सुरक्षित स्थानों पर रुककर मार्ग खुलने का इंतजार करना पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें -   कामिका एकादशी पर जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा, किस राशि को मिलेगा धन लाभ और किन राशियों को बरतनी होगी विशेष सावधानी

इधर स्यानाचट्टी क्षेत्र में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से हालात और चिंताजनक हो गए हैं। नदी के उफान के कारण पिछले एक सप्ताह से कई होटल और भवनों की पहली मंजिल तक पानी भरा हुआ है। इससे होटल व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हुआ है और स्थानीय व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। नदी किनारे रहने वाले परिवार भी लगातार भय के माहौल में जीवन यापन कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें -   उत्तराखंड में अगले 3 दिन भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में गरज-चमक के साथ बरसेंगे बादल, पहाड़ों में बढ़ा खतरा

स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश, बढ़ते जलस्तर और भूस्खलन की घटनाओं से हालात सामान्य होने के बजाय और अधिक गंभीर होते जा रहे हैं। वहीं, यात्रा पर आए श्रद्धालुओं को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और कई यात्रियों ने एहतियातन सुरक्षित स्थानों पर शरण ले रखी है।

प्रशासन ने लोगों से मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। साथ ही कहा है कि मौसम विभाग द्वारा अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है, इसलिए सभी लोग सतर्क रहें। निर्माण एजेंसियां लगातार मार्ग खोलने में जुटी हैं, लेकिन मौसम की स्थिति को देखते हुए हाईवे बहाल होने में अभी समय लग सकता है।

ADVERTISEMENTSAd

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440