समाचार सच, अध्यात्म डेस्क। हिंदू धर्म में एकादशी व्रत जगत के पालनहार भगवान विष्णु को समर्पित है। हर महीने के कृष्ण और शुक्ल पक्ष में एकादशी व्रत रखा जाता है। हिंदू कैलेंडर के अनुसार, इस समय आषाढ़ का महीना चल रहा है। आषाढ़ माह के कृष्ण पक्ष की एकादशी को योगिनी एकादशी व्रत किया जाता है। योगिनी एकादशी पर बनने वाले शुभ और अद्भुत संयोग दिन का महत्व बढ़ा रहे हैं। हालांकि एकादशी तिथि दो दिन होने के कारण व्रत की तारीख को लेकर लोगों के बीच भ्रम की स्थिति है। आइए जानते हैं कि जुलाई में योगिनी एकादशी व्रत कब मान्य होगा।
योगिनी एकादशी व्रत 10 या 11 जुलाई कब होगा मान्य
पंचांग के अनुसार, आषाढ़ कृष्ण पक्ष एकादशी तिथि 09 जुलाई 2026 को दोपहर 03 बजकर 45 मिनट पर प्रारंभ होगी और एकादशी तिथि का समापन 10 जुलाई 2026 को दोपहर 01 बजकर 20 मिनट पर होगा। उदया तिथि में योगिनी एकादशी 10 जुलाई को करना उत्तम और मान्य रहेगा।
योगिनी एकादशी पर बन रहे कई शुभ संयोग
शुक्रवार का दिन मां लक्ष्मी और एकादशी व्रत भगवान विष्णु को समर्पित है। शुक्रवार के दिन योगिनी एकादशी होने से लक्ष्मी-नारायण कृपा पाने का दुर्लभ संयोग बना रहा है। इसके अलावा इस दिन सुकर्मा और धृति योग भी रहेंगे।
योगिनी एकादशी व्रत रखने से क्या फल मिलता है
ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार, योगिनी एकादशी व्रत से समस्त पापों से मुक्ति मिलती है और भगवान विष्णु की कृपा से जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाली आती है। व्रत के पुण्य प्रभाव से मनुष्य सभी सुखों को भोगकर अंत में मुक्ति प्राप्त करता है। योगिनी एकादशी का व्रत अठासी हजार ब्राह्मणों को भोजन कराने के समान पुण्य प्रदान करता है।
योगिनी एकादशी पूजन मुहूर्त 2026
योगिनी एकादशी पर पूजन का ब्रह्म मुहूर्त सुबह 04.54 बजे से सुबह 05.26 बजे तक रहेगा। अभिजित मुहूर्त दोपहर 01.24 बजे से दोपहर 02.28 बजे तक रहेगा। विजय मुहूर्त शाम 04.35 बजे से शाम 05.39 बजे तक रहेगा।
योगिनी एकादशी व्रत पारण मुहूर्त 2026
योगिनी एकादशी व्रत का पारण 11 जुलाई 2026, शनिवार को किया जाएगा। एकादशी व्रत का पारण द्वादशी तिथि के भीतर करना शुभ होता है। द्वादशी तिथि के भीतर एकादशी व्रत का पारण नहीं करना पाप के समान होता है। योगिनी एकादशी व्रत पारण का शुभ मुहूर्त सुबह 07 बजकर 02 मिनट से सुबह 09 बजकर 10 मिनट तक रहेगा।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



