अग्निवीर भर्ती की तैयारी के लिए उत्तराखंड आया था युवक, पुरानी रंजिश की आशंका; गुलदार हमले से जुड़े पुराने मामले की भी जांच में जुटी पुलिस
समाचार सच, अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के रानीखेत क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। अग्निवीर भर्ती की तैयारी के लिए अपने रिश्तेदारों के घर आया कानपुर निवासी युवक घर के भीतर ही खूनी हमले का शिकार हो गया। देर रात घर में घुसे हमलावर ने युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचीं दो महिलाओं पर भी जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस के अनुसार रानीखेत तहसील के ऐना गांव में रहने वाली जानकी देवी के घर में रात के समय एक अज्ञात व्यक्ति घुस आया। उसने घर में मौजूद युवक सागर पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में सागर की मौके पर ही मौत हो गई। शोर सुनकर जानकी देवी और उनकी चचिया सास साबुली देवी बचाने पहुंचीं तो हमलावर ने उन पर भी हमला कर दिया।
हमले में जानकी देवी के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि साबुली देवी के गले पर गहरा वार हुआ। दोनों को तत्काल उप जिला चिकित्सालय रानीखेत ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में साबुली देवी को हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।
परिजनों के मुताबिक, कानपुर निवासी सागर कुछ दिन पहले अपनी बुआ के घर आया था। वह रानीखेत में अग्निवीर भर्ती की दौड़ और शारीरिक तैयारी कर रहा था। किसी ने भी नहीं सोचा था कि सेना में भर्ती होने का सपना लेकर आया युवक इस तरह मौत का शिकार हो जाएगा।
घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश को हत्या की वजह माना जा रहा है। पुलिस को शक है कि वारदात को अंजाम देने वाला व्यक्ति गांव या आसपास का ही कोई परिचित हो सकता है।
इधर इस हत्याकांड ने एक पुराने मामले को भी चर्चा में ला दिया है। जानकी देवी का छोटा बेटा कृष्णा इन दिनों हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में कथित गुलदार हमले में घायल बबीता की देखभाल कर रहा था। अब परिजन यह आशंका भी जता रहे हैं कि कहीं बबीता पर हुआ हमला भी किसी साजिश का हिस्सा तो नहीं था। पुलिस इस पहलू की भी गंभीरता से जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है और फरार आरोपी की तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



