मेहनत और प्रतिभा से मिल रही नौकरी, साढ़े चार साल में 33 हजार युवाओं को रोजगार -मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

खबर शेयर करें

मुख्यमंत्री ने 483 अभ्यर्थियों को प्रदान किये नियुक्ति पत्र

समाचार सच, देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में सिंचाई एवं कृषि विभाग में चयनित 483 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें सिंचाई विभाग के 473 और कृषि विभाग के 10 पद शामिल हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूड़ी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसे उत्तराखंड की कल्पना की थी, जहां युवाओं को उनकी मेहनत और प्रतिभा के आधार पर पहचान मिले। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज युवाओं को मिल रहे नियुक्ति पत्र इस दिशा में राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नियुक्ति पत्र वितरण युवाओं की मेहनत, लगन और संकल्प का सम्मान है। उन्होंने विश्वास जताया कि चयनित अभ्यर्थी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सेवा भाव से अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए राज्य और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

यह भी पढ़ें -   हल्द्वानी के गोरापड़ाव में जुए के अड्डे पर हथियारबंद धावा, लाखों की रकम और सोने के जेवर लूटे, पुलिस ने चार टीमें लगाईं

उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता होने से ही योग्य और ईमानदार लोगों को अवसर मिलता है। राज्य सरकार द्वारा लागू किए गए सख्त नकल विरोधी कानून के सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब सरकारी नौकरियों में चयन मेहनत और प्रतिभा के आधार पर हो रहा है, जो उत्तराखंड की नई कार्यसंस्कृति की पहचान बनता जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते साढ़े चार वर्षों में प्रदेश के लगभग 33 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने कहा कि सभी युवाओं का लक्ष्य देवभूमि उत्तराखंड की सेवा होना चाहिए और कोई भी विभाग केवल भवनों और फाइलों से नहीं, बल्कि कर्मठ एवं ईमानदार कर्मचारियों से चलता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है और राज्य सरकार भी सिंचाई एवं कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। प्रदेश की जीएसडीपी विकास दर 7.23 प्रतिशत दर्ज की गई है, जबकि पिछले चार वर्षों में प्रति व्यक्ति आय में लगभग 41 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य का बजट एक लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है और बेरोजगारी दर में रिकॉर्ड गिरावट दर्ज की गई है।

यह भी पढ़ें -   अलर्ट! उत्तराखंड में आसमान से फिर बरसेगी आफत: भूस्खलन से 107 सड़कें ठप, घरों से निकलने से पहले पढ़ें ये खबर!

कार्यक्रम में सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह अवसर उत्तराखंड के विकास में युवाओं की सक्रिय भागीदारी की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि सिंचाई विभाग किसानों की समृद्धि, जल संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद अब मेहनती और पात्र युवाओं को ही नियुक्तियां मिल रही हैं। उन्होंने युवाओं से नवाचार और स्टार्टअप के क्षेत्र में भी आगे आने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विधायक श्रीमती सविता कपूर, उमेश शर्मा काऊ, महंत दलीप सिंह रावत, प्रमुख सचिव मीनाक्षी सुंदरम, सचिव सुरेंद्र नारायण पांडे और युगल किशोर पंत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440