
समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जन शिक्षण संस्थान (जेएसएस) भीमताल, जिला सैनिक कल्याण बोर्ड हल्द्वानी तथा सुनिधि विकास संस्था के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को ‘योग संगम-2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा बुजुर्गों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।
इस वर्ष की वैश्विक थीम ‘स्वस्थ बुढ़ापे के लिए योग’ के अनुरूप आयोजित कार्यक्रम जिला सैनिक कल्याण बोर्ड परिसर में संपन्न हुआ। सुबह 6.30 बजे से 7.45 बजे तक चले योग सत्र का शुभारंभ जेएसएस भीमताल के निदेशक द्वारा प्रतिभागियों के स्वागत के साथ किया गया। इसके बाद प्रतिभागियों ने आधिकारिक कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास किया।
योग विशेषज्ञ एस.एस. कार्की ने सत्र का संचालन करते हुए प्रतिभागियों को ताड़ासन, त्रिकोणासन, पर्वतासन, भुजंगासन, मकरासन, शलभासन, पश्चिमोत्तानासन, अर्ध मत्स्येन्द्रासन तथा पवनमुक्तासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। इसके साथ ही अनुलोम-विलोम और शीतली प्राणायाम का अभ्यास भी कराया गया, जिससे मानसिक शांति और एकाग्रता को बढ़ावा मिला। कार्यक्रम का समापन ध्यान एवं विश्राम सत्र के साथ हुआ।
कार्यक्रम का समन्वय पैरा लीगल वालंटियर एवं सुनिधि विकास संस्था की संस्थापक श्रीमती उमा भंडारी ने किया। योग संगम में 43 नागरिकों और 7 स्टाफ सदस्यों सहित कुल 50 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अंत में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल रमेश सिंह ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सुरेन्द्र सिंह रौतेला, जगत सिंह बोरा, कैलाश चन्द्र भट्ट, जगत सिंह पड़ियार, हरीश सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



