समाचार सच, हल्द्वानी। नशे के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत पुलिस के हाथ एक और सफलता लगी है। पुलिस ने एक चरस तस्कर को गिरफ्तार किया है। तस्कर को कार्यवाही के बाद जेल भेज दिया गया है।
बनभूलपुरा थाना पुलिस को मुखबिर से यह सूचना मिली कि एक तस्कर बड़ी मात्रा में चरस की खेप लेकर क्षेत्र में सप्लाई करने आने वाला है। इस पर थानाध्यक्ष सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने मुखबिर के बताये स्थान पर अपना जाल बिछा दिया। इस बीच पुलिस ने इन्द्रानगर चेक पोस्ट के पास शक के आधार पर एक बाइक सवार को रूकने का इशारा किया तो चालक ने गति बढ़ा दी। जिसे कुछ ही दूर पर खड़े अन्य कर्मियों ने रोक लिया। जब बाइक सवार के बैग की तलाशी ली गई तो उसमें से पुलिस को आधा किलो चरस बरामद हुई। पकड़े गये तस्कर रमेश चंद्र जोशी पुत्र माधवानंद जोशी निवासी पूर्वी खेड़ा गौलापार ने बताया कि वह लंबे समय से इस कार्य में संलिप्त है। इसमें उसका जेपीनगर में रहने वाला ससुर भी सहयोग करता है और बरामद चरस भी उसके ससुर ने ही भेजी थी। जिसे वह गांधीनगर में सप्लाई करने वाला था। पुलिस ने पकड़े गये तस्कर से इस कारोबार से जुड़ी अहम जानकारियां जुटाई हैं। साथ ही उस सख्श के बारे में भी जानकारी ली है जिसे वह चरस की सप्लाई करने वाला था। इसके अलावा पुलिस को तस्कर के मोबाइल फोन से भी इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पता चला है। पुलिस का कहना है कि इन जानकारियों के आधार पर अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने पकड़े गये तस्कर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही कर उसे जेल भेज दिया है। सफलता प्राप्त करने वाली टीम में एसआई मनोज पाण्डे, कांस्टेबल प्रवीण, रूप बसंत राणा आदि शामिल रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



