हाईस्पीड बाइक से वारदात को दिया था अंजाम, आरोपी निकला कई राज्यों में सक्रिय हिस्ट्रीशीटर
समाचार सच, हल्द्वानी। भोटियापड़ाव क्षेत्र में महिला से चेन स्नैचिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से छीनी गई सोने की चेन, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की अपाचे आरआर 310 बाइक तथा अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है और वह कई गंभीर मामलों में वांछित रहा है।
जानकारी के अनुसार बीती 8 मई को भोटियापड़ाव क्षेत्र में बाइक सवार बदमाश ने एक महिला से सोने की चेन छीन ली थी और मौके से फरार हो गया था। मामले में काठगोदाम निवासी महिला द्वारा कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देने के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच तेज की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और लगातार सुरागरसी-पतारसी की। जांच के दौरान आरोपी की पहचान आकाश कुमार गौतम निवासी सीबीगंज, बरेली उत्तर प्रदेश के रूप में हुई।
पुलिस ने 19 मई को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से महिला से छीनी गई सोने की चेन, बिना नंबर प्लेट की अपाचे आरआर 310 मोटरसाइकिल, एक अवैध 315 बोर तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ। अवैध हथियार मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत अलग से मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है और उत्तर प्रदेश के सीबीगंज थाने का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। उसके खिलाफ लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, धोखाधड़ी समेत कई गंभीर धाराओं में करीब दस मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी की आपराधिक गतिविधियों के चलते पूर्व में गुजरात और रुद्रपुर पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ों में उसके पैर में गोली भी लग चुकी है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उसने क्षेत्र में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। वहीं इस गिरफ्तारी को हाल के दिनों में शहर में हुई चेन स्नैचिंग की घटनाओं के बीच पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



