समाचार सच, देहरादून।
उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर अपने रौद्र रूप में है। पर्वतीय क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हालात की गंभीरता को देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, नैनीताल, टिहरी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और ऊधमसिंह नगर में गरज-चमक के साथ भारी बारिश का श्यलो अलर्टश् जारी किया है। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए देहरादून प्रशासन ने आज कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी घोषित कर दी है।
धूप और बारिश की लुकाछिपी, मालदेवता में सबसे ज्यादा बारिश
बुधवार को मौसम का मिजाज पल-पल बदलता रहा। दिन में निकली चिलचिलाती धूप ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए। देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री उछलकर 33.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। लेकिन शाम होते-होते आसमान में काले बादल छा गए और झमाझम बारिश ने मौसम को फिर से सर्द कर दिया। बारिश के आंकड़ों की बात करें तो मालदेवता में सबसे ज्यादा 83.0 एमएम और सहस्रधारा में 65.0 एमएम पानी बरसा, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई।
भूस्खलन से थमी रफ्तार, 107 सड़कें ब्लॉक
लगातार हो रही बारिश ने पहाड़ों की जड़ों को कमजोर कर दिया है, जिससे जगह-जगह भारी भूस्खलन हो रहा है। इसके चलते पूरे प्रदेश में 107 सड़कें बंद हो चुकी हैं, जिनमें 78 ग्रामीण सड़कें शामिल हैं। आवाजाही पूरी तरह से प्रभावित हो गई है। चमोली में सबसे ज्यादा 20, नैनीताल और पिथौरागढ़ में 17-17, जबकि देहरादून और बागेश्वर में 10-10 सड़कें मलबे की चपेट में आकर बंद हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 25 अगस्त तक पूरे प्रदेश में मौसम का यह अस्थिर मिजाज बना रहेगा, इसलिए लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



