समाचार सच, देहरादून डेस्क।
उत्तराखंड की एकमात्र राज्यसभा सीट को लेकर सियासी तस्वीर अब साफ हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने नैनीताल निवासी दिनेश आर्य को राज्यसभा चुनाव के लिए अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। भाजपा के इस फैसले के साथ ही राज्यसभा सीट के लिए चुनावी प्रक्रिया तेज हो गई है।
दिनेश आर्य वर्तमान में उत्तराखंड में राज्यस्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष के पद पर हैं और उन्हें दर्जाधारी राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त है। इससे पहले वह भाजपा में नैनीताल जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। संगठन में लंबे समय से सक्रिय दिनेश आर्य को राज्यसभा के लिए प्रत्याशी बनाए जाने को भाजपा के महत्वपूर्ण राजनीतिक फैसले के तौर पर देखा जा रहा है।
नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर को होगा पूरा
उत्तराखंड से मौजूदा भाजपा राज्यसभा सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। इसी रिक्त होने वाली सीट के लिए चुनाव कराया जा रहा है।
इस सीट पर वर्ष 2020 में हुए चुनाव में भाजपा के नरेश बंसल ने नामांकन किया था। उनके सामने कोई दूसरा प्रत्याशी नहीं होने के कारण वह निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुने गए थे।
6 अक्टूबर नामांकन की आखिरी तारीख
राज्यसभा चुनाव को लेकर जारी कार्यक्रम के अनुसार उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। इसके बाद 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 9 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
यदि चुनाव की स्थिति बनती है तो 16 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। इसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी।
भाजपा की ओर से दिनेश आर्य का नाम घोषित होने के बाद अब सभी की निगाहें नामांकन प्रक्रिया और विपक्ष की रणनीति पर टिक गई हैं। हालांकि विधानसभा में भाजपा के संख्याबल को देखते हुए पार्टी प्रत्याशी की स्थिति मजबूत मानी जा रही है।
संगठन से सदन तक पहुंचने की तैयारी
नैनीताल से आने वाले दिनेश आर्य का भाजपा संगठन में लंबा अनुभव रहा है। जिलाध्यक्ष के रूप में संगठन की जिम्मेदारी संभालने के बाद अब पार्टी ने उन्हें राज्यसभा के लिए मैदान में उतारा है। ऐसे में यह चुनाव उनके राजनीतिक सफर के लिए भी महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।

राज्यसभा चुनाव कार्यक्रम:
-नामांकन की अंतिम तिथि — 6 अक्टूबर
-नामांकन पत्रों की जांच — 7 अक्टूबर
-नाम वापसी की अंतिम तिथि — 9 अक्टूबर
-मतदान — 16 अक्टूबर
-मतगणना — 16 अक्टूबर, शाम 5 बजे से

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



