समाचार सच, हल्द्वानी। नेता प्रतिपक्ष डॉ इंदिरा हृदयेश ने प्रदेश की भाजपा सरकार को कटघरे में ला खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के निर्वाचित प्रतिनिधियों में ही विद्रोह उपजा हुआ है। उन्होंने भाजपा पर भारी बहुमत होने के बाद भी सरकार चलाने में विफल होने का आरोप लगाया है। साथ ही भाजपा सरकार से शीघ्र नया जनादेश प्राप्त करने की मांग की गई है।
नेता प्रतिपक्ष डॉ इंदिरा हृदयेश ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी के निर्वाचित प्रतिनिधियों में उपजे विद्रोह के स्वर इस बात का प्रतीक है कि सरकार में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। जन समस्याओं के समाधान हेतु निर्वाचित प्रतिनिधियों की शिकायतों पर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। नौकरशाही निरंकुश हो चुकी है और उसे सरकार का कोई डर नहीं है। कहा कि ऐसी परिस्थितियों में 2022 के चुनाव को लेकर निर्वाचित प्रतिनिधियों ने केन्द्रीय नेतृत्व से हस्तक्षेप कर प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन की मांग की है। सत्तारूढ़ दल में उपजा इस प्रकार का असंतोष जनता में भारी निराशा पैदा कर रहा है। प्रदेश में विकास कार्य पूर्णतया ठप है। बेरोजगारी और कर्मचारियों की भारी छटनी के कारण लोग भुखमरी के कगार पर है। प्रतिमाह एक दिन का वेतन काटे जाने से कर्मचारी बेहद नाराज है। अपनी जान पर खेलकर ड्यूटी कर रहे कोरोना वॉरियर्स के वेतन में भी कटौती की जा रही है। डॉक्टर्स एसोसिएशन ने भी आन्दोलन करने की धमकी दी है। ऐसी परिस्थिति में जनता की समस्याओं का समाधान करना इस सरकार के बस की बात नहीं है। उन्होंने मांग की है कि संकटकाल में हर मोर्चे पर विफल भाजपा सरकार शीघ्र नया जनादेश प्राप्त करे। नेता प्रतिपक्ष का यह भी आरोप है कि भारी बहुमत के बावजूद भी भाजपा, सरकार चलाने में विफल साबित हुयी है। तीन मंत्रियों के रिक्त पदों पर अभी तक नियुक्ति नहीं हो पायी है। चेताया कि यदि शीघ्र जनसमस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो पीड़ित जनता आन्दोलन करने को बाध्य होगी।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


