भाजपा विधायकों ने नैनीताल में की गुचपुप बैठक

खबर शेयर करें

समाचार सच, नैनीताल/ देहरादून। नौकरशाही के रवैये से नाराज सत्तापक्ष के विधायकों को लेकर राज्य में सियासी हलचल तेज हो गई है। नैनीताल में डीडीहाट के विधायक बिशन सिंह चुफाल के नेतृत्व में आधा दर्जन से अधिक विधायकों की बैठक हुई। इसके बाद चुफाल दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। विधायकों की इस तरह की नाराजगी को विपक्ष ने भी मुद्​दा बना लिया है। दरअसल प्रदेश में सत्तापक्ष के तमाम विधायक लंबे समय से नौकरशाही की कार्यप्रणाली से नाराज हैं। इन विधायकों की अपने ही क्षेत्र में अधिकारी तक नहीं सुन रहे हैं। जबकि उसी क्षेत्र में कुछ दायित्यधारियों की खूब चल रही है। इस तरह की उपेक्षा से नाराज विधायक गुपचुप तरीके से बैठकें करने लगे हैं। सोमवार को नैनीताल में बैठक हुई। इसमें डीडीहाट के विधायक बिशन सिंह चुफाल के नेतृत्व में कुमाऊं व गढ़वाल के आधा दर्जन से अधिक विधायक शामिल रहे। सूत्रों के अनुसार इनके बीच सरकारी उपेक्षा को लेकर गंभीर चर्चा हुई। साथ ही अगली रणनीति बनाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। इस बैठक के बाद राज्य के सियासी हलकों में कई तरह की चर्चा जोरशोर से होने लगी है। हालांकि इस बैठक में क्या निर्णय हुआ? यह अभी स्पष्ट नहीं है। इस बैठक के बाद चुफाल दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। माना जा रहा है कि उनकी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात होनी है। वह उनसे राज्य की राजनीतिक स्थितियों के बारे में चर्चा करेंगे। इस संबंध में जब विधायक चुफाल से जानना चाहा तो उनका इतना ही कहना था कि नैनीताल में कुछ लोगों के साथ ऐसे ही बैठे थे। वह दिल्ली जा रहे हैं। वहां उनके कई काम हैं। डीडीहाट के विधायक चुफाल उत्तर प्रदेश के समय से विधायक हैं। वह इस समय छठी बार विधायक बने हैं। इससे पहले वह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। इस बार भी उनके मंत्री बनने के आसार थे, लेकिन त्रिवेंद्र सरकार में खाली तीन मंत्री पद भरे ही नहीं जा रहे हैं। तमाम कार्यकर्ता नाराजगी को इस नजरिये से भी देख रहे हैं।

यह भी पढ़ें -   २७अप्रैल २०२६ सोमवार का पंचांग, जानिए राशिफल में आज का दिन आपका कैसा रहेगा

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440