समाचार सच, हल्द्वानी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पिता के श्राद्ध संस्कार को लेकर कांग्रेस की कथित टिप्पणी के बाद उत्तराखंड की सियासत गरमा गई है। भाजपा ने कांग्रेस पर राजनीतिक मर्यादा की सीमाएं लांघने का आरोप लगाते हुए तीखा पलटवार किया है।
हल्द्वानी स्थित भाजपा संभाग कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता राजेश शुक्ला ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध अब केवल नीतियों और मुद्दों तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि कांग्रेस दिवंगत परिजनों, सनातन परंपराओं और धार्मिक आस्थाओं को भी राजनीतिक विवाद में घसीट रही है।
राजेश शुक्ला ने कहा कि श्राद्ध सनातन परंपरा में दिवंगत पूर्वजों के प्रति श्रद्धा, स्मरण और तर्पण का पवित्र संस्कार है। राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन किसी के दिवंगत माता-पिता और परिवार की धार्मिक आस्था को निशाना बनाना सामाजिक और राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता को लेकर पूर्व में की गई कथित अभद्र टिप्पणियों के बाद अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पिता के श्राद्ध को लेकर टिप्पणी किया जाना कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति पर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा कि राजनीति में विरोध विचारों और नीतियों का होना चाहिए, किसी के परिवार और आस्था का नहीं।
प्रेस वार्ता में राजेश शुक्ला ने कोटद्वार के मोहम्मद दीपक की गिरफ्तारी के मामले को लेकर भी कांग्रेस पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि व्यापारी के साथ कथित मारपीट, गाली-गलौज और धमकी के मामले में कार्रवाई हुई है, लेकिन कांग्रेस इस मामले पर चुप है।
उन्होंने राहुल गांधी की मोहम्मद दीपक से सार्वजनिक मुलाकात का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि यदि कांग्रेस के नेता उनसे मिलने और उनके समर्थन में सामने आ सकते हैं तो कथित पीड़ित व्यापारी से मिलने कांग्रेस का कोई नेता क्यों नहीं पहुंचा?
भाजपा प्रवक्ता ने सवाल किया कि क्या राजनीतिक नजदीकी के आधार पर कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों के लिए अलग-अलग मापदंड होने चाहिए?
राजेश शुक्ला ने कांग्रेस से यह भी पूछा कि उसके लिए ‘गुंडा’ और ‘गुंडागर्दी’ की परिभाषा क्या है। उन्होंने वर्ष 2017 में कांग्रेस के एक नेता द्वारा तत्कालीन सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।
उन्होंने राहुल गांधी की ओर से राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर की गई टिप्पणियों और मोहम्मद दीपक से सार्वजनिक मुलाकात का भी मुद्दा उठाया।
राजेश शुक्ला ने कहा कि भाजपा की राजनीति ‘सेवा, सुशासन और संस्कार’ के मूल भाव पर आधारित है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक संघर्ष मुद्दों और विचारों पर होना चाहिए, व्यक्तिगत कटुता और धार्मिक आस्थाओं पर नहीं।
प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी प्रदीप जनोटी, जिला मीडिया प्रभारी नितिन राणा, जिला सह मीडिया प्रभारी मनीष पाल और जिला आईटी संयोजक निश्चल जोशी मौजूद रहे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



