समाचार सच, देहरादून/हल्द्वानी। उत्तराखण्ड के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत कोरोना संक्रमित पाये गये हैं। कोविड-19 जांच में उनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आयी है। शनिवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भगत ने स्वयं ट्वीट करके उक्त बात की जानकारी दी है।
ट्वीट में उन्होंने लिखा है कि
‘‘मेरा कल कोरोना वायरस के लिए परीक्षण किया गया जिसमें मेरी परीक्षण रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
मैं सभी पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं पिछले सप्ताह में मेरे संपर्क में जो भी आए हैं, वह कृपया परीक्षण करवा लें। आप सभी के आशीर्वाद से पुनः आपके बीच जल्दी ही लौटूंगा।’’
ज्ञात हो कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत 21 अगस्त को यमुना कॉलोनी स्थित आवास आर-5 में शिप्ट हुए थे। इस दिन भगत ने गृह प्रवेश पर समारोह का आयोजन किया था। बड़ी संख्या में नेता, पत्रकार और पार्टी कार्यकर्ता इस कार्यक्रम में मौजूद थे। इसी कार्यक्रम में भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष और बंशीधर भगत के बेटे विकास भगत भी मौजूद थे। विकास भगत भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। देहरादून से हल्द्वानी लौटते समय विकास को बुखार आया था। उन्होंने उसी दिन से अपने आपको घर पर ही आइसोलेट कर लिया था। और अपनी जांच करवाई थी। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने बाद विकास डॉ0 सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में भर्ती हैं। इसके बाद बंशीधर भगत ने भी शुक्रवार को खुद को आईसोलेट कर अपना टेस्ट कराया तो भगत भी पॉजीटिव निकल गए। भगत को भी पैरों में दर्द और हल्के बुखार की शिकायत बताई जा रही है।
इधर, बंशीधर भगत के कोविड-19 पॉजीटिव आने की सूचना मिलते ही बीजेपी नेताओं में हड़कंप मचा हुआ है। क्योंकि पिछले एक सप्ताह में भगत पार्टी के कई सीनियर लीडर से मुलाकात कर चुके हैं।
24 अगस्त को भगत के घर पर एक और बडा आयोजन हुआ था। भगत ने इस दिन अपने आवास पर पत्रकारों को लंच पर इनवाइट किया था। मौका था खानपुर विधायक कुंवर प्रणव चौंपियन की पार्टी में वापसी का। 24 अगस्त की सुबह पहले भगत सीएम आवास पहुंचे थे। यहां विधायक कुंवर प्रणव चौँपियन भी बुलाए गए थे। सीएम से मंत्रणा के बाद भगत अपने आवास पर पहुंचे जहां कार्यक्रम रखा गया था। पार्टी महामंत्री कुलदीप कुमार, राजेंद्र भंडारी, अजेंद्र अजय भी इसमें शामिल हुए तो राज्य मंत्री धन सिंह रावत, मीडिया प्रभारी देवेंद्र भसीन समेत कई पत्रकार मौजूद थे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440
















