9 अक्टूबर को हल्द्वानी में जुटेगा प्रदेशभर का व्यापारी समाज, मुख्यमंत्री धामी करेंगे व्यापारी सम्मेलन का शुभारंभ

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानी।
प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तराखंड की ओर से आगामी 9 अक्टूबर को हल्द्वानी में भव्य व्यापारी सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में व्यापारी प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। सम्मेलन के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी होंगे, जबकि सांसद अजय भट्ट एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष नवीन वर्मा ने बताया कि यह आयोजन वार्षिक अधिवेशन एवं कार्यकारिणी बैठक के रूप में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से व्यापारी प्रतिनिधि एक मंच पर जुटेंगे। उन्होंने बताया कि गत 29 अगस्त को फॉर्च्यून होटल में उद्योग एवं व्यापार जगत की प्रमुख हस्तियों के साथ हुई बैठक के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने व्यापारियों के लिए सम्मेलन आयोजित करने तथा व्यापारियों से सीधे संवाद करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में हल्द्वानी में यह व्यापारी सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि व्यापारी समाज को मुख्यमंत्री से कई महत्वपूर्ण अपेक्षाएं हैं। व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं और मांगों से मुख्यमंत्री को पहले ही अवगत कराया जा चुका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री सम्मेलन के दौरान व्यापारी समाज के हित में महत्वपूर्ण घोषणाएं और निर्णय लेकर जाएंगे।

सीमांत क्षेत्रों से भी पहुंचेंगे व्यापारी प्रतिनिधि
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि सम्मेलन में उत्तराखंड के दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों से भी व्यापारी प्रतिनिधियों की भागीदारी रहेगी। हिमाचल प्रदेश से लगे यमुना घाटी क्षेत्र के व्यापारियों के साथ ही नेपाल और तिब्बत की सीमा से लगे पिथौरागढ़ एवं धारचूला क्षेत्र के व्यापारी भी सम्मेलन में शामिल होंगे।

यह भी पढ़ें -   राजपुरा में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 232 मरीजों की विशेषज्ञ डॉक्टरों ने की जांच

उन्होंने बताया कि 8 अक्टूबर को करीब 250 व्यापारी प्रतिनिधि उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, रानीखेत और पौड़ी सहित विभिन्न जिलों से हल्द्वानी पहुंचेंगे। वहीं नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, काशीपुर, हरिद्वार, रुड़की, ऋषिकेश और देहरादून सहित अन्य क्षेत्रों से व्यापारी प्रतिनिधि सम्मेलन के दिन हल्द्वानी पहुंचेंगे।
सम्मेलन में देहरादून, रुड़की, हरिद्वार, काशीपुर, नैनीताल और बागेश्वर जिलों से महिला व्यापारी प्रतिनिधियों की भी भागीदारी रहेगी।

अलग-अलग समितियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि सम्मेलन को व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। मदन फर्त्याल के निर्देशन में आवास समिति, नवनीत राणा के निर्देशन में व्यापारी रैली आयोजन समिति, हर्षवर्धन पांडे के निर्देशन में खान-पान एवं स्मारिका प्रकाशन समिति तथा विपिन गुप्ता के निर्देशन में सभागार व्यवस्था समिति का गठन किया गया है।

इसके अलावा जिला महिला संगठन को अतिथियों के स्वागत एवं पंजीकरण की जिम्मेदारी दी गई है। ग्रामीण व्यापार मंडल हल्द्वानी एवं युवा व्यापार मंडल को भी आयोजन व्यवस्था समिति में शामिल किया गया है।

इन समितियों को सहयोग प्रदान करने के लिए आलू एवं फल आढ़ती एसोसिएशन, ट्रांसपोर्ट नगर एसोसिएशन, हल्द्वानी सर्राफा एवं स्वर्णकार एसोसिएशन तथा युवा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने भी अपनी सहमति दी है।

नगर निगम से निकलेगी व्यापारी रैली
सम्मेलन की शुरुआत 9 अक्टूबर को सुबह 9 बजे नगर निगम हल्द्वानी के पास से भव्य व्यापारी रैली के साथ होगी। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे व्यापारी प्रतिनिधि अपने वाहनों के साथ शामिल होंगे। रैली के बाद सुबह करीब 10 बजे मेडिकल कॉलेज सभागार में व्यापारियों का पंजीकरण किया जाएगा और उन्हें सभागार में स्थान उपलब्ध कराया जाएगा।

यह भी पढ़ें -   CEC के इस्तीफे की मांग पर दिल्ली में विपक्ष का प्रदर्शन, राहुल-प्रियंका समेत कई नेता हिरासत में

सम्मेलन के प्रथम सत्र में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए व्यापारी प्रतिनिधियों की समस्याओं और मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही प्रदेश महामंत्री द्वारा एजेंडे के अनुरूप विभिन्न प्रस्ताव प्रस्तुत कर उनका अनुमोदन कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री करेंगे व्यापारियों को सम्मानित, स्मारिका का होगा विमोचन
सम्मेलन के दूसरे सत्र में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का अभिनंदन किया जाएगा। इस दौरान विशिष्ट सेवा सम्मान के तहत चयनित व्यापारी प्रतिनिधियों को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया जाएगा। साथ ही प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की ओर से तैयार की गई स्मारिका का विमोचन भी किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व्यापारियों को संबोधित करेंगे। व्यापारियों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री के साथ होने वाले संवाद में प्रदेश के व्यापारिक क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों, समस्याओं और भविष्य की योजनाओं पर महत्वपूर्ण चर्चा होगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सम्मेलन केवल एक संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेशभर के व्यापारियों को एक मंच पर लाकर उनकी समस्याओं और सुझावों को सरकार तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी बनेगा। संगठन को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री के साथ होने वाले संवाद से व्यापारी हितों से जुड़े कई विषयों पर सकारात्मक पहल सामने आएगी।
वार्ता में मुख्य रूप से प्रदेश अध्यक्ष कार्यकारी अध्यक्ष प्रमोद गोयल, प्रदेश मंत्री शांति जीना, मदन फर्त्याल, हर्षवर्द्धन पाण्डे आदि मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440