समाचार सच, देहरादून। हाथरस की घटना के विरोध में बिना अनुमति जुलूस निकालने के मामले में पुलिस ने काग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना समेत 70 कांग्रेसियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इन सभी ने शनिवार देर शाम वसंत विहार थाना क्षेत्र में अनुराग चौक से जुलूस निकाला था। इस दौरान कोविड-19 गाइडलाइन के नियमों का भी उल्लंघन करने का आरोप है। कांग्रेस के नेता हाथरस की पीड़िता को श्रद्धांजलि देने के लिए शनिवार की देर शाम अनुराग चौक पर एकत्रित हुए। इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि कार्यकर्त्ता प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकान्त धस्माना के नेतृत्व में गौतम सोनकर, धर्म सोनकर निवासी शोभा पैलेस कालिन्दी एन्क्लेव, संगीता गुप्ता निवासी श्रीदेव सुमन नगर, अवधेश, माला निवासी शास्त्रीनगर खाला, दीवान बिष्ट समेत करीब 60-70 महिला व पुरुष हाथ में बैनर व मोमबत्ती के साथ एकत्रित थे। जब इन सभी से अनुमति के संबंध में पूछा गया तो वह कोई कागजात नहीं दिखा सके। पुलिस के मना करने के बाद भी सभी ने अनुराग चौक से बल्लीवाला चौक तक कैंडल मार्च निकाला। आरोप है कि इस दौरान कार्यकर्त्ताओं ने शारीरिक दूरी के नियम का उल्लंघन तो किया ही, मास्क तक नहीं लगा रखा था।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












