यमुनोत्री हाईवे पर बादल फटने से मची तबाहीः 9 मजदूर लापता, बचाव कार्य जारी

खबर शेयर करें

समाचार सच, उत्तरकाशी। उत्तराखंड में भारी बारिश के बीच यमुनोत्री हाईवे पर कुदरत ने फिर कहर बरपाया है। बीती रात सिलाई बैंड (पालीगाड़ ओजरी डाबरकोट के बीच) के पास बादल फटने की घटना सामने आई है। इस भयावह घटना में सड़क निर्माण कार्य में लगे करीब 19 मजदूरों का टेंट मलबे की चपेट में आ गया, जिसमें से 10 मजदूरों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि 9 मजदूर अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश में रेस्क्यू अभियान जारी है। लापता मजदूरों में महिलाएं भी शामिल हैं।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, राजस्व विभाग और स्वास्थ्य टीमों ने मौके पर डेरा डाल दिया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। यमुनोत्री हाईवे का लगभग 10-12 मीटर हिस्सा पूरी तरह वॉशआउट हो चुका है, जिससे मार्ग अवरुद्ध हो गया है। रास्ते को खोलने का प्रयास लगातार जारी है, लेकिन भारी मलबे के कारण समय लग सकता है।

स्यानाचट्टी से लेकर डबरकोट और कुथनौर तक कई क्षेत्रों में भूस्खलन और तेज बारिश के कारण सड़कें बंद हो चुकी हैं, वहीं खेतों में मलबा घुसने से किसानों की फसल को भी भारी नुकसान पहुंचा है। कई पुल खतरे की जद में आ गए हैं, जिनमें कुपड़ा कुंशाला त्रिखिली मोटर पुल भी शामिल है।

यह भी पढ़ें -   हल्द्वानी में 24 नवंबर से सजेगा राष्ट्रीय सरस मेला, 250 स्टॉलों पर दिखेगी देशभर के उत्पादों की झलक

जिलाधिकारी प्रशांत कुमार आर्य ने बताया कि सिलाई बैंड के पास हुए भूस्खलन में टेंट में ठहरे मजदूरों पर मलबा आ गिरा। राहत दल ने 10 मजदूरों को सुरक्षित निकाल लिया है जबकि बाकी 9 की खोजबीन की जा रही है। घटना रात करीब तीन बजे की बताई जा रही है।

यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनज़र, तीर्थयात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है। दुबाटा बैंड पर तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा श्रद्धालुओं को गंगोत्री मार्ग की ओर भेजा जा रहा है, जबकि यमुनोत्री जाने वाले मार्ग को बंद कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें -   उत्तराखंड के सात जिलों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, ऊंचाई वाले इलाकों में बढ़ेगी ठंड

जानकीचट्टी, फूलचट्टी, राना चट्टी, स्याना चट्टी जैसे क्षेत्रों में करीब 1000 से अधिक श्रद्धालु फंसे हुए हैं। पुलिस ने जानकारी दी है कि जानकीचट्टी से यमुनोत्री पैदल मार्ग पर स्थिति सामान्य होने पर श्रद्धालुओं को आगे बढ़ने दिया जा रहा है।

गौरतलब है कि उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार मूसलधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। जगह-जगह नदी-नाले उफान पर हैं और कई संपर्क मार्गों पर मलबा व बोल्डर गिरने से आवाजाही ठप हो गई है। स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं प्रशासनिक अधिकारी, लेकिन राहत और बचाव में मौसम लगातार बाधा बन रहा है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440