सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़कों पर किया बेहतर कार्य : त्रिवेन्द्र सिंह रावत

समाचार सच, हल्द्वानी। प्रदेश में भ्रष्टाचार मुक्त एवं पारदर्शी सरकार देना हमारा लक्ष्य है। मुख्यमंत्री समाधान पोर्टल 1905 में प्राप्त 30 हजार समस्याओं का समाधान किया गया है। प्रदेश में 500 विद्यालयों में ऑनलाईन शिक्षा दी जा रही है। स्वरोजगार देने की दिशा में भी कार्य किये जा रहे हैं। सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़कों पर बेहतर कार्य किये हैं, जिनकेे परिणाम शीघ्र दिखेंगे। यह बात गुरूवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने हल्द्वानी दौरे के दौरान कही। इस मौके पर प्रदेश के मुखिया त्रिवेंद्र सिंह रावत ने लगभग 120 करोड़ रुपये की 20 योजनाओं का लोकार्पण और 42 योजनाओं का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने तहसील प्रांगण में 11936.77 लाख की 62 योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया। साथ ही प्लाज्मा डोनर राहुल दानी, तारा कोरंगा व 6 गरीब अनाथ बच्चियों कोमल राणा, कान्ता आर्या, अर्चना भारती, चन्द्रकला, केसिया गोरखा तथा फेबा गोरखा को उनकी पढ़ाई हेतु 4 लाख 93 हजार के चैक वितरित किये। मुख्यमंत्री ने कहा प्रदेश में स्वरोजगार की पर्याप्त सम्भावनाएं हैं। प्रदेश में चीड़ की पत्तियों से विद्युत उत्पादन प्रारम्भ हो चुका है, प्रदेश की चीड़ के जंगलों से 200 मेगावाट विद्युत उत्पादन 40 हजार लोगों को रोजगार देने की भीसामर्थ्य है। उन्होंने कहा कि 10 हजार व्यक्तियों को चीड़ की पत्तियों से विद्युत उत्पादन हेतु स्वरोजगार से जोड़ा जायेगा। श्री रावत ने कहा उत्तराखण्ड पर्यटन प्रदेश है। यहां स्वरोजगार हेतु 10 हजार नौजवानों को बाईक के लिए ऋण देगी तथा 2 वर्ष तक ब्याज सरकार वहन करेगी। साथ ही 3 माह में 25 हजार लोगों को कैम्पा योजना में रोजगार दिया जायेगा। फसलों को बन्दरों से होने वाले नुकसान से बचाने के लिए जनपदों में 4 बन्दरवाड़े बनाये जायेंगे। जिसका शिलान्यास 9 नवम्बर राज्य स्थापना दिवस पर किया जायेगा। जिनकी क्षमता 30 हजार बन्दरों को रखने की होगी। चिकित्सा विभाग को और सुदृढ़ किया जायेगा। 720 चिकित्सकों व 1000 नर्सों की शीघ्र भर्ती की जायेगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि मेडिकल कॉलेज के निर्माणाधीन ऑडिटोरियम के लिए 8 करोड़ की धनराशि अवमुक्त कर दी गई है। आई बैंक के लिए 32 करोड़, पनचक्की चौराहे से काठगोदाम तक सड़क निर्माण हेतु 8 करोड़ की धनराशि स्वीकृत कर दी है। कैंसर रिसर्च इंस्टिटूट के लिए भूमि का ऑनलाइन प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही कार्य प्रारम्भ किया जायेगा। कहा कि हल्द्वानी चिड़ियाघर व आईएसबीटी हेतु भूमि चयन कर वनभूमि हस्तान्तरण प्रस्ताव ऑनलाइन भारत सरकार को भेजा गया है। 1822 करोड़ से बनने वाले हल्द्वानी रिंग रोड का प्रस्ताव भी स्वीकृति हेतु भारत सरकार को भेजा गया है। जिसकी 5 अक्टूबर को केन्द्र सरकार मे महत्वपूर्ण बैठक भी है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आयुर्वेदिक चिकित्सालय भवन कालाआगर, सिंचाई गूलों, तहसील कैंटीन निर्माण के अलावा अस्पतालों में उपकरणों व अन्य कई विकास योजनाओं का भी लोकार्पण किया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि सरकार जनस्वास्थ को ध्यान मे रखते हुये 108 वाहनों की संख्या बढ़ा रही है। साथ ही एयर एम्बुलेंस भी चलाने की सरकार की योजना है। उन्होंने प्लाज्मा डोनरों का स्वागत करते हुये इस पुण्य कार्य हेतु उन्हें बधाई दी।
कार्यक्रम में विधायक नवीन दुम्का, संजीव आर्य,राम सिह कैडा, जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया, मेयर डॉ जोगेन्दर पाल सिंह रौतेला, जनसम्पर्क अधिकारी विजय बिष्ट, जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, अध्यक्ष परिषद गजराज बिष्ट, मीडिया प्रभारी प्रकाश रावत, दर्जा मंत्री अजय राजौर, मजहर नईम नवाब , ब्लाक प्रमुख रूपा देवी, कुन्दन बिष्ट, राहुल झिंगरन सहित डीआईजी अजय रौतेला, जिलाधिकारी सविन बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मीणा, मुख्य विकास अधिकारी नरेन्द्र सिंह भण्डारी समेत समस्त विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन एआरटीओ विमल पाण्डे ने किया।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


