फीस माफी को लेकर भूख हड़ताल में बैठे पार्षद रोहित को उठाया जबरन, पुलिस ने किया अस्पताल में भर्ती

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानी। निजी स्कूलों की मनमानी रोकने व लॉक डाउन फीस माफी को लेकर भूख हड़ताल में बैठे पार्षद रोहित को पुलिस-प्रशासन ने जबरन उठा लिया। कोविड-19 के नियमों को दरकिनार कर समर्थकों ने इसका विरोध भी किया, लेकिन पुलिस की तत्परता के चलते उनकी एक न चली और पार्षद को अस्पताल भर्ती करा दिया गया। गौरतलब है कि निजी स्कूलों की मनमानी रोकने व लॉक डाउन फीस माफी को लेकर पार्षद रोहित के नेतृत्व में तिकोनिया स्थित बुद्घ पार्क में अनिश्चितकालीन धरना व भूख हड़ताल चल रही थी। धरने के 38वें व भूख हड़ताल के तीसरे दिन गुरूवार को अनशनकारी पार्षद के स्वास्थ्य में गिरावट के दृष्टिगत पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया और चिकित्सकीय टीम से राय मशविरा किया। निर्णय लिया गया कि इस भूख हड़ताल को समाप्त कराया जाए। इसके तहत तहसीलदार नीतेश डांगर, कोतवाल संजय कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। लेकिन प्रदर्शनकारी मानने को तैयार नहीं हुए। इस पर प्रशासन ने जब अनशनकारी पार्षद को उठाना चाहा तो समर्थक विरोध में उतर आये और पुलिस-प्रशासनिक टीम से धक्का-मुक्की पर उतारू हो गए। इसके बाद पुलिस ने समर्थकों को तीतर-बीतर करते हुए पार्षद को भूख हड़ताल से उठा लिया। यह देख समर्थक भी उनके पीछे आने का प्रयास करने लगे। इससे बुद्घ पार्क के आगे सड़क में जाम लग गया। पुलिस ने किसी तरह पार्षद को ऐंबुलेंस में डालकर वहां से निकाला और बेस अस्पताल पहुंचा दिया। जहां चिकित्सकों ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार शुरू कर दिया। पार्षद को उठाने के बाद अन्य कई समर्थक आंदोलन में डटे हुए हैं। यहां बता दें कि पार्षद को उठाने की कार्यवाही के दौरान बुद्घ पार्क में कोविड-19 के नियमों की धज्जियां उड़ाई गई। न तो सामाजिक दूरी का पालन किया गया और न ही कई लोगों ने मास्क लगाना ही उचित समझा। इस मामले में नियम तोड़ने वालों पर कार्यवाही भी तय मानी जा रही है। इस संबंध में जब सीओ शांतनु पारासर से जानकारी लेनी चाही गई तो उन्होंने बताया कि इस समय वह विभागीय बैठक में व्यस्त हैं, इसके बाद मामले का संज्ञान लिया जाएगा।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440