समाचार सच, हल्द्वानी। नैनीताल-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग में शुक्रवार की सुबह बड़ा हादसा हो गया। हाईटेंशन लाइन गिरने से साइकिल सवार युवक उसकी चपेट में आ गया और झुलस कर उसकी दर्दनाक मौत हो गई। लोगों के बचाने के प्रयास भी विफल रहे। परिवारजनों ने इसे विद्युत विभाग की लापरवाही बताया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार दमुवाढूंगा खाम, जवाहर ज्योति निवासी 31 वर्षीय कमल रावत पुत्र मदन सिंह रावत मंगल पड़ाव में एक नर्सिंग होम में कार्यरत था। बताया जाता है कि शुक्रवार की प्रातः वह अपनी साइकिल पर सवार होकर नर्सिंग होम जा रहा था कि तभी नैनीताल-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग में टेड़ी पुलिया के समीप अचानक 1100 केवी की हाईटेंशन लाइन उस पर गिर गई। जब तार टूट कर कमल पर गिरी तो उसमें करंट दौड़ रहा था। करंट की वजह से कमल का शरीर जलने लगा। यह देखकर आस-पास के लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने लकड़ी की मदद से कमल के ऊपर से विद्युत तार हटाने का प्रयास भी किया, लेकिन वह इसमें सफल नहीं हो पाये। इस बीच विद्युत विभाग को दूरभाष पर सूचित कर सप्लाई बंद करने के लिए कहा गया, जब तक सप्लाई बंद होती तब तक काफी देर हो चुकी थी। करंट की वजह से मौके पर ही कमल की दर्दनाक मौत हो गई। इसकी सूचना पर मृतक के परिवारजनों के अलावा पुलिस व विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गये। पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर घटना के समय मौजूद लोगों का कहना था कि जब वह लकड़ी से कमल के ऊपर से तार हटाने की कोशिश कर रहे थे तो करंट का वेग इतना तेज था कि वह अपने शरीर पर भी झनझनाहट महसूस कर रहे थे। वहीं मृतक के परिवारजनों ने इसे विद्युत विभाग की लापरवाही बताया है। परिवारजनों ने पुलिस के सामने विद्युत विभाग पर कार्यवाही की मांग भी उठाई है। उधर घटनास्थल के आस-पास के लोगों का कहना है कि लंबे समय से यह हाईटेंशन लाइन झूल रही थी। इसे दुरूस्त करने की मांग कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों से की गई, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। जिसका खामियाजा आज युवक को अपनी जान देकर भुगतना पड़ा।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


