समाचार सच, हल्द्वानी। आईएसबीटी निर्माण की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। इसे लेकर मुखर कांग्रेस ने रविवार को बुद्ध पार्क में धरना दिया। साथ ही सरकार पर द्वेषभावना से कार्य करने का आरोप लगाया। बुद्ध पार्क में आयोजित धरने को संबोधित करते हुए पूर्व काबिना मंत्री हरीश चन्द्र दुर्गापाल ने कहा कि हल्द्वानी में आईएसबीटी निर्माण आज की जरूरतों में प्राथमिक रूप से है। लेकिन सरकार इस मामले को लटकाने की कोशिश करती चली आ रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर जनभावनाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। कहा कि बस अड्डा बनना शहर के विकास के लिए जरूरी है। शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या छिपी नही है। वहीं सरकार ने बिना ठोस कारण के ही महत्वाकांक्षी परियोजना को बंद कर दूसरी जगह शिफ्ट करने का प्लान बना दिया। जो जनहित के खिलाफ है। पूर्व ब्लाक प्रमुख संध्या डालाकोटी ने कहा कि आईएसबीटी की इस पूरी प्रक्रिया में उत्तराखंड की जनता की गाढ़ी कमाई के ढ़ाई करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। जबकि आईएसबीटी के शिलान्यास तक करीब 2700 हरे पेड़ों को भी काटा जा चुका है। जून 2017 में आईएसबीटी की खुदाई के दौरान नर कंकाल मिलने पर यह काम रुकवा दिया गया था। जिसके बाद सरकार ने तीनपानी में नया आईएसबीटी बनाने का फैसला लिया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार ने जनता की गाढ़ी कमाई को बर्बाद कर दिया। कहा कि अधिकारियों ने परिवहन विभाग द्वारा वन विभाग को 8 हेक्टेयर जमीन लौटाने की बात कही थी, लेकिन अब सरकार तराई केंद्रीय वन प्रभाग में आईएसबीटी के लिए करीब 10 हेक्टेयर जमीन की तलाश कर रही है। ऐसे में आईएसबीटी को लेकर कई सवाल उठ रहें हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जन हित से जुड़े मुद्दों को लेकर संजीदा नहीं है। चेतावनी दी कि अगर सरकार जल्द निर्णय नहीं लेती है, तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


