समाचार सच, देहरादून। रक्षाबंधन के पर्व पर उत्तराखंड की महिलाओं के लिए प्रदेश सरकार ने बड़ी राहत का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर राज्य की महिलाएं 28 और 29 अगस्त 2026 को उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में प्रदेश के भीतर बिना किराया यात्रा कर सकेंगी।
इस संबंध में उत्तराखंड शासन की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है। शासनादेश के मुताबिक रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को रोडवेज बसों में यात्रा के लिए 100 प्रतिशत किराया छूट दी जाएगी। यह सुविधा दोनों दिनों प्रदेश के भीतर संचालित उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में लागू रहेगी।
रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके और परिवार से मिलने के लिए अलग-अलग शहरों एवं क्षेत्रों की यात्रा करती हैं। ऐसे में सरकार के इस फैसले से महिलाओं को यात्रा के खर्च में राहत मिलने के साथ ही सार्वजनिक परिवहन के जरिए आवागमन आसान होगा।
सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य पर्व के दौरान महिलाओं को सुरक्षित, सुगम और निशुल्क सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।
शासनादेश में स्पष्ट किया गया है कि महिलाओं को निशुल्क यात्रा की सुविधा देने के कारण उत्तराखंड परिवहन निगम पर पड़ने वाले अतिरिक्त आर्थिक भार की प्रतिपूर्ति राज्य सरकार की ओर से की जाएगी। परिवहन विभाग ने निगम को शासनादेश के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
रक्षाबंधन पर सरकार के इस फैसले को महिलाओं की सुविधा और सम्मान से जोड़कर देखा जा रहा है। इससे प्रदेश की उन महिलाओं को खास फायदा मिलेगा, जिन्हें भाई की कलाई पर राखी बांधने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों तक सफर करना पड़ता है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



